पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में रविवार को हुई हिंसा और आगजनी के मामले में गिरफ्तार 10 लोगों को छह दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
इस बीच, भाजपा ने ममता बनर्जी सरकार पर हमलावरों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। बुधवार को मालदा गए भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल को भी कालियाचक जाने से रोक दिया गया।
उस घटना के तीन दिनों बाद भी इलाके में तनाव और सन्नाटा पसरा है। उत्तर प्रदेश के एक हिंदुत्ववादी नेता की ओर से पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के विरोध में रविवार को मालदा जिले में अल्पसंख्यकों की ओर से निकली एक रैली के दौरान जमकर बवाल हुआ।
भाजपा विधायक शमीक भट्टाचार्य की अगुवाई में पार्टी का एक 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मालदा पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का हवाला देकर कालियाचक जाने से रोक दिया।