चांदनी चौक स्थित भागीरथ पैलेस में बृहस्पतिवार शाम को लगी आग में इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक की करीब 80 दुकानें और गोदाम जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंचीं दमकल की 22 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। देर रात आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम 5:20 बजे यहां की एक इमारत की दूसरी मंजिल में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। इमारत के निचले हिस्से में इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिक सामान की दुकानें हैं, जबकि अन्य मंजिल पर दुकान और गोदाम हैं।
इमारत में आग तेजी से फैली और तीसरी मंजिल पर स्थित प्लास्टिक के सामान के गोदाम को भी चपेट में ले लिया। गोदाम में आग लगने के बाद और भयावह हो गई और धीरे-धीरे पूरी इमारत में फैल गई। इमारत में दुकान चलाने वाले वेद प्रकाश ने बताया कि लोगों ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। आग में घिर जाने की वजह से एक मजदूर ने दूसरी मंजिल से टीन शेड पर छलांग लगा दी और फिर नीचे आ गया। हालांकि उसे कोई चोट नहीं लगी।
तंग गलियों ने फिर किया तंग
घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल की 22 गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन मेन रोड से 300 मीटर अंदर और तंग गलियां होने से एक ही गाड़ी मौके पर पहुंच पाई। दमकल कर्मियों ने हौज पाइप के जरिए इमारत तक पानी पहुंचाया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, संकरी गली में प्लास्टिक सामान में आग लगने से भयावह स्थिति हो गई थी।