बंबई हाई कोर्ट द्वारा मैगी पर लगी पाबंदी हटाए जाने से उत्साहित नेस्ले इंडिया अब इस साल के अंत तक फिर से अपने लोकप्रिय नूडल्स को बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इससे पहले कंपनी को कुछ आवश्यक मंजूरियां लेनी होंगी।
नेस्ले इंडिया ने कहा है कि वह उत्पाद के मौजूदा फॉर्मूला के साथ ही इसे बाजार में वापस लाएगी और इसके घटकों में कोई बदलाव नहीं करेगी। उल्लेखनीय है कि कंपनी ने पाबंदी लगने के बाद जून से 30,000 टन मैगी को नष्ट किया है जिससे इसे 450 करोड़ रुपये की चपत लगी।
यह पूछे जाने कि क्या मैगी अगले साल की शुरुआत तक वापस बाजार में आ जाएगी नेस्ले इंडिया के प्रबंध निदेशक सुरेश नारायणन ने कहा, ‘हम पहले से कुछ और बेहतर करने का प्रयास करेंगे। मेरी इच्छा है कि मैगी को बाजार में इस साल के अंत तक ले आया जाए।’