सरकार ने ‘2022 तक सभी के लिए घर’ योजना को मंजूरी देते हुए शहरी गरीबों और झुग्गियों में रहने वालों के लिए कम ब्याज दर पर सस्ते घर का रास्ता साफ कर दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट के आर्थिक मामलों की बैठक में शहरी गरीबों के लिए इंटरेस्ट सब्सिडी की योजना पर मुहर लगा दी गई है।
इस योजना के तहत शहरी गरीबों को महज चार फीसदी ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हो सकेगा और इससे उन्हें ईएमआई में करीब 2582 रुपये का लाभ होगा। अभी तक 15 साल के लिए 6 लाख रुपये के कर्ज पर 10.5 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से मासिक किस्त 6632 रुपये बनती थी।
अब जब कैबिनेट ने 15 साल के कर्ज पर ब्याज सब्सिडी देने की योजना पर मुहर लगा दी है तो 6.5 फीसदी इंटरेस्ट सबवेंशन का बोझ सरकार पर आ जाएगा। इसका मतलब है कि शहरी गरीबों को हर महीने करीब 4,050 रुपये की ईएमआई ही भरनी होगी।