भाजपा के कई नेताओं द्वारा गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने की वकालत के बीच रविवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सुषमा स्वराज की जमकर तारीफ की। उन्होंने सुषमा के भाषण कौशल की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भाषण कौशल से की।
भाजपा राष्ट्रीय परिषद के महाधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए रविवार को आडवाणी ने कहा कि उनके पास वाजपेयी की तरह भाषण कौशल नहीं है, लेकिन सुषमा के पास वह कौशल है।
आडवाणी ने कहा कि पहले वाजपेयी के भाषण की वजह से मेरे अंदर जिस तरह का कांप्लेक्स पैदा होता था आज सुषमा की वजह से होता है। अपना संबोधन शुरू करने के साथ ही आडवाणी ने कहा कि उनके पास उससे बेहतर कहने को कुछ नहीं है जो उनसे पहले सुषमा कह चुकी हैं। वह हर बात को बहुत ही विस्तार पूर्वक और बेहतर तरीके से सबके सामने रख चुकी हैं।
आडवाणी द्वारा लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज की तारीफ को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार की दौड़ में शामिल हैं। वैसे आडवाणी ने मोदी का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि मोदी आजाद भारत के इतिहास में सबसे गलत तरीके से बदनाम किए गए नेता हैं। बहरहाल, अधिकांश विदेशी सरकार ने अब उनके प्रति अपने रुख को बदल लिया है।