अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्टाइल और उनके कुर्ते से खासे प्रभावित दिखे। ओबामा ने कहा भी कि वह खुद इस तरह का कुर्ता पहनना चाहते हैं।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ओर से दिए रात्रि भोज में ओबामा ने मोदी के अमेरिका दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि तब वहां मीडिया में एक खबर में आई थी, जिसमें कहा गया था कि मिशेल ओबामा के अलावा अब एक और नया फैशन आइकन आ गया है। तभी से मैं सोच रहा था कि मैं खुद मोदी कुर्ता पहनूं। उन्होंने कहा कि मोदी मजबूत इरादों वाले शख्स हैं और उनका अपना एक अलग अंदाज है।
ओबामा ने कहा कि मैं अक्सर कहता हूं कि मेरी कहानी सिर्फ अमेरिका में हो सकती है, वैसे ही पीएम मोदी की कहानी सिर्फ भारत में हो सकती है। मोदी के बचपन के दिनों का जिक्र करते हुए ओबामा ने कहा कि एक वह समय था, जब मोदी के पिता चाय बेचते थे और उनकी मां दूसरे घरों में काम करती थीं, मगर आज उनके बेटे ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रधानमंत्री होने के नाते हमारा स्वागत किया है।
ओबामा ने मोदी से कहा कि हम आपकी दोस्ती महसूस कर सकते हैं और मुझे इस दोस्ती पर फख्र है। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि मोदी काम के मामले में बेहद अनुशासित हैं। ओबामा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारतीय पीएम ने उनको बताया कि वह आज महज तीन घंटे ही सोए हैं। हालांकि मुझे यह सुनकर उतना अच्छा नहीं लगा, क्योंकि मैं तो पांच घंटे की नींद लेता हूं। मैं नहीं जानता कि पीएम कैसे मगरमच्छ के हमले से बच गए, लेकिन इतना जरूर जानता हूं कि वह बेहद सख्त हैं।
राष्ट्रपति भवन में ओबामा और चर्चित हस्तियां
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के सम्मान में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा आयोजित भोज में राजनीति, उद्योग और कला जगत की चर्चित चेहरे नजर आए। भोज में जहां पीएम नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के कई दिग्गज चेहरे दिखे, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी शिरकत की।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस रात्रिभोज के मौके पर संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ में कसीदे कढे़। मोदी के चाय वाले से प्रधानमंत्री बनने के सफर की ओर इशारा करते हुए ओबामा ने कहा कि मोदी की कहानी मेरी ही जैसी है। मोदी और मेरा संघर्ष भी एक जैसा है। ओबामा ने रात्रिभोज में कहा कि यह डिनर हमारी दोस्ती के लिए है।
उद्योग जगह की हस्तियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी, उनके छोटे भाई अनिल अंबानी, गौतम अदाणी, साइरस मिस्त्री, किरण मजुमदार शॉ ने भी शिरकत की। इन विशिष्ट अतिथियों ने बारी बारी से ओबामा दंपत्ति से हाथ मिलाए तो राष्ट्रपति मुखर्जी का अभिवादन किया। समारोह की शुरुआत अमेरिका और भारत के राष्ट्रगान से हुई। अंग्रेजी, हिंदी शास्त्रीय संगीत की धुनों के बीच हुए भोज में मेहमानों ने मशहूर शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों का लुफ्त उठाया।
रविवार को तीन दिन की भारत यात्रा पर यहां आए ओबामा के सम्मान में राष्ट्रपति की ओर से दिए गए भोज में देश की जानी मानी हस्तियों ने शिरकत की। शिरकत करने वालों में मोदी मंत्रिमंडल के सदस्य अरुण जेटली, हरसिमरत कौर, राजीव प्रताप रूडी, स्मृति ईरानी सहित कई मंत्री शामिल थे। कांग्रेस की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मल्लिकार्जुन खड़गे, दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग भी शामिल थे। सोमवार को पूर्वाहन यहां पहुंचे ओबामा के सम्मान में पीएम मोदी ने लंच का आयोजन किया था।
भोज के दौरान अतिथियों ने संगीत का भी जम कर लुफ्त उठाया। इस दौरान अंग्रेजी धुन में यस वी केन, मेडले की हवाई धुन और पुरानी हिंदी-बांग्ला गाना एकला चलो ले का भी आनंद लिया। विशिष्ट अतिथियों को ब्रोकली का सूप, गुलौटी कबाब, चिकन मलाई टिक्का और शोनफिया फिश टिक्का, मास्टर्ड फिश करी, गुश्ताबा, केसरिया चावल और रोस्ट लेग ऑफ लैंब, मटर रोगन जोश, करी पकौड़ा, दाल रायसीना जैसे व्यंजन परोसे गए। मीठे में रबड़ी के साथ मालपुए का भी खासतौर से इंतजाम किया गया था।
राष्ट्रपति भवन में है भोज
आइए देखते हैं भारत में बराक ओबामा के आने पर क्या-क्या हुआ-
8.10- डिनर के लिए पत्नी मिशेल समेत राष्ट्रपति भवन पहुंचे ओबामा।
7.30- बराक ओबामा आईटीसी मौर्या शेरेटन होटल से निकलकर पत्नी मिशेल के साथ राष्ट्रपति भवन रवाना
7.30- रात 8 बजे राष्ट्रपति भवन में होना है भोज।
विदेश मंत्रालय प्रेस कॉन्फ्रेंस-
6.44- न्यूक्लियर लाइबिलिटी को लेकर समझौता हुआ। चार कंपनियां 750 करोड़ का इंश्योरेंस देंगी, बाकी का भार भारत सरकार उठाएगी।
6.35- परमाणु करार के अमल पर डील हो गई है। तीन दौर की बातचीत के बाद यह सहमति बनी है।
6.35- स्मार्ट सिटी बनाने पर भी बात हुई है। विशाखापटनम, इलाहाद, अजमेर में अमेरिका की मदद से स्मार्ट सिटी बनेगी।
6.35- परमाणु करार की बाधाएं दूर हो गई हैं।
6.35- रक्षा क्षेत्र में भी सहमति बनी है। रक्षा क्षेत्र में सहयोग लिए अमेरिका से 10 साल के लिए समझौता।
6.30- विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू।
5.28- ओबामा और मोदी ने साथ में कुछ तस्वीरें खिंचवाईं और इसी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म हो गई।
खास सवाल-जवाब
5.21- आप दोनों अकेले में मिलते हैं तो क्या बातें होती हैं?
-
मजाकिया अंदाज में बात शुरू करते हुए मोदी बोले जहां तक बातों का सवाल है,
तो उन्हें पर्दे में ही रहने दें। बात आगे बढ़ाते हुए वे बोले, दो देशों
के रिश्ते कागजों से निर्धारित कम होते हैं। लीडरों के बीच खुलापन,
केमिस्ट्री एक दूसरे को जानने में मदद करती है। इसी वजह से हम एक दूसरे से
जब चाहे तब बात कर लेते हैं। मोदी बोले कि उनकी और बराक ओबामा के बीच काफी
गहरी दोस्ती हो गई है।
5.19- पर्यावरण मुद्दे पर किसी का प्रेशर है?
-
इसके जवाब में मोदी बोले पर्यावरण के मुद्दे पर भारत-अमेरिका साथ मिलकर
काम करेंगे। भारत एक स्वतंत्र देश है, जिस पर किसी का प्रेशर काम नहीं आता
है। पर्यावरण में बदलाव और ग्लोबल वार्मिंग को बताया प्रेशर।
क्या कहा मोदी-ओबामा ने
क्या कहा ओबामा ने
5.08- ओबामा बोले मंगलवार को रेडियो पर भारतीयों से 'मन की बात' इंतजार है।
5.08- रक्षा क्षेत्र में तकनीकी सहयोग पर भी हुई भारत-अमेरिका की बातचीत।
5.06- अफगानिस्तान में भारत का अहम रोल बताया।
5.05- सुरक्षा परिषद में भारत की सदस्यता पर बात की।
5.04- परमाणु करार पर आगे बढ़ने की बात भी ओबामा ने कही।
5.02- भारत-अमेरिका के व्यावहारिक और व्यापारिक रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले जाने की बात कही।
5.01- मोदी को न्योते के लिए किया धन्यवाद।
5.00- ओबामा ने अपनी बात की शुरुआत नमस्ते कहकर शुरू की। इसके बाद बोले 'मेरा प्यार भरा, नमस्कार'।
क्या कहा मोदी ने
4.57- रक्षा क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे भारत-अमेरिका।
4.57- साथ मिलकर आतंकवाद से लड़ने की बात कही। ऐसे में आतंकी संगठनों के बीच कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
4.55- मोदी बोले कि 6 साल पहले हुए परमाणु करार के नतीजे अब दिखेंगे।
4.52- मोदी ने अमेरिका को बताया सबसे अच्छा दोस्त, जिससे विकास में मिलेगी मदद।
4.52- गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि बनने के लिए मोदी ने ओबामा का शुक्रिया अदा किया।
यूं शुरू हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस-
4.47- हैदराबाद हाउस से बाहर आए मोदी-ओबामा। पत्रकारों से शुरू की बातचीत।
4.37- हैदराबाद हाउस से अधिकारियों ने बाहर आना किया शुरू।
हैदराबाद हाउस पहुंचने के बाद हुआ क्या-क्या
3.20- डेलिगेशन लेवल की चर्चा हुई शुरू। करीब 40-45 मिनट तक चल सकती है ये बाचतीच।
3.16- हैदराबाद हाउस के प्रांगण में टहलकर चर्चा करने के बाद मोदी और ओबामा वापस गए अन्दर।
3.15- मोदी-ओबामा के बीच दोबारा से टहलकर चर्चा का दौर शुरू।
3.14 - मोदी-ओबामा के बीच चाय पीते हुए चर्चा हुई खत्म। करीब 10 मिनट तक चली ये चर्चा।
3.05- मोदी ने ओबामा को पिलाई चाय। खुद मोदी ने बनाई चाय और फिर दोनों ने साथ में बैठकर चाय पीते हुए चर्चा की।
3.00- ओबामा और मोदी आए हैराबाद हाउस के प्रांगण में। शुरू की टहल कर बातचीत।
2.52- मोदी-ओबामा 30 मिनट तक लॉन में टहल कर करेंगे बात।
2.50- मोदी ने ओबामा को दिया संविधान सभा की बहस का दस्तावेज।
1.35- ओबामा और मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में बातचीत हुई शुरू।
01.18- हैदराबाद हाउस पहुंचे बराक ओबामा। मोदी ने किया स्वागत। यहां मोदी और ओबामा कुछ खास मुद्दों पर बात करेंगे।
राजघाट तक ओबामा का सफर
12.55- हैदराबाद हाउस के लिए निकले बराक ओबामा।
12.53- बराक ओबामा ने राजघाट में लगाया पीपल का पेड़। पौधे को पानी भी दिया।
12.47- श्रद्धांजलि के बाद पीपल का पेड़ लगाने के लिए निकले बराक ओबामा।
12.45- बराक ओबामा ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि। ओबामा ने 2 मिनट का मौन लिया और पुष्प अर्पित किए। यहां बराक ओबामा को चरखा भेंट किया गया। हालांकि, ओबामा की पत्नी यहां उनके साथ नहीं थीं।
12.43- राजघाट पहुंचे बराक ओबामा।
12.26- राष्ट्रपति भवन से ओबामा राजघाट के लिए निकले।
12.20- राष्ट्रपति भवन से निकलने से पहले ओबामा ने नमस्कार करके सभी का अभिवादन किया।
12.05- राष्ट्रपति भवन पहुंचे बराक ओबामा।
9.38- भारत पहुंचे ओबामा। यहां पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इनका स्वागत किया और फिर ओबामा मौर्य शेरेटन होटल चले गए।
मोदी ने गले लगाकर किया ओबामा का स्वागत
बराक ओबामा के दिल्ली पहुंचने के बाद सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमाम नियमों और प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए एयरपोर्ट पहुंचकर ओबामा का गर्मजोशी से स्वागत किया। आपको बता दें कि प्रोटोकॉल के हिसाब से कोई भी राष्ट्राध्यक्ष दूसरे राष्ट्राध्यक्ष के स्वागत के लिए खुद नहीं जाता है, बल्कि मंत्रिमंडल का कोई अन्य मंत्री या अधिकारी जाता है।
खुद ओबामा ने अगवानी के लिए पहुंचे पीएम मोदी को गले लगाकर जता दिया वो भी इस यात्रा को लेकर कितने उत्साहित हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ओबामा को रिसीव करने के लिए भारतीय सुरक्षा अधिकारियों का एक दल मौजूद रहा। प्रधानमंत्री से पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एयरपोर्ट पहुंचे और स्वागत तैयारियों का जायजा लिया।
(वीडियोः सौजन्य से एएनआई)
आज ये रहेंगे ओबामा के कार्यक्रम
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा रविवार सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे। ओबामा 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड पर मुख्य अतिथि के तौर भारत पहुंचे हैं।
ओबामा का विमान रविवार सुबह 10 बजे पालम वायुसेना हवाई अड्डे पर उतरना था, लेकिन वह आधिकारिक समय से कुछ मिनट पहले ही दिल्ली में लैंड कर गया। उनके साथ अमेरिकी सांसदों और प्रभावशाली उद्योगपतियों का प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
भारत दौरे के पहले दिन ओबामा की प्रधानमंत्री मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में अहम वार्ता होगी। इस दौरान कई ऐतिहासिक करार भी होंगे।
उच्चपदस्थ सरकारी सूत्रों के मुताबिक हैदराबाद हाउस में ओबामा और मोदी अकेले में कुछ देर बातचीत करेंगे। इस दौरान होने वाले करार में एशिया के शक्ति संतुलन में नया अध्याय शुरू करने की क्षमता है। एशिया में चीन को नियंत्रण में रखने के लिहाज से इस यात्रा को अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति के भोज में होंगी बड़ी हस्तियां
ओबामा के सम्मान में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा दिए जाने वाले राजकीय भोज में पीएम मोदी, कैबिनेट के सदस्यों के अलावा अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, प्रियंका चोपड़ा, गुलजार, मुकेश अंबानी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया और राहुल गांधी भी शामिल होंगे।
अमेरिका-भारत के बीच होंगे ये समझौते
रक्षा क्षेत्र में तय हो सकता है 10 साल का मसौदा
रक्षा खरीद परिषद ने 120 अरब रुपये की खरीद को मंजूरी दी थी। भारत सरकार एफडीआई के रास्ते खोलकर दुनिया में मेक इन इंडिया का परचम लहराना चाहती है। ऐसे में अमेरिका चाहेगा कि प्रस्तावित खरीद का अधिकतम फायदा उसे ही मिले। रक्षा सौदों और तकनीकी लेन-देन के लिए चल रहे डिफेंस फ्रेमवर्क एग्रीमेंट में कई नए अहम बिंदुओं को जोड़ा जा रहा है।
अगले 10 साल के लिए नवीनीकरण करार पर हस्ताक्षर होंगे। इसमें भारतीय हवाई जहाज और पानी के जहाज को अमेरिकी सेटेलाइट से जोड़ने संबंधी करार किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों देश आपातकाल में लड़ाकू जहाजों के लिए एक दूसरे की जमीन इस्तेमाल करने और आसमान में तेल भरने की सुविधाओं पर हामी भर सकते हैं।
परमाणु करार में क्षतिपूर्ति पर बातचीत
2008 के असैन्य परमाणु करार के मुताबिक भारत में परमाणु हादसा होने की स्थिति में क्षतिपूर्ति का दायित्व परमाणु आपूर्तिकर्ता और परमाणु कंपनी का होगा, जिसके लिए उस पर मुकदमा भी चलाया जा सकता है। अमेरिका चाहता है कि यह प्रावधान हटाया जाए। इसको लेकर दोनों देशों के बीच करार हो सकता है।
आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर दबाव की कोशिश
पाकिस्तान की जमीन से उठने वाले आतंकवाद का मुद्दा भारत अपने एजेंडे में कूटनीतिक रूप से रख सकता है। सूत्रों के मुताबिक ओबामा इस कोशिश में हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच अटके वार्ता के दौर को शुरू करने के उपाय किए जाएं।
इसके अलावा ओबामा और मोदी आतंकवाद के खिलाफ भी नीति का ऐलान कर सकते हैं। बातचीत में पाकिस्तान के साथ अफगानिस्तान भी महत्वपूर्ण मुद्दा करेगा। अफगानिस्तान से हट रहे अमेरिकी सेना के बाद पाकिस्तान के मद्देनजर उपजने वाले हालात पर भी गंभीर चर्चा की उम्मीद है।
कार्बन उत्सर्जन घटाने को लेकर जलवायु परिवर्तन पर चर्चा
जलवायु परिवर्तन पर इसी वर्ष पेरिस सम्मेलन से पहले अमेरिका चाहता है कि भारत कार्बन उत्सर्जन की सीमा तय करे, जबकि भारत विकासशील देश होने के नाते आर्थिक जरूरतों के लिए इसे तय करना नहीं चाहता है।
26-27 जनवरी को ओबामा का कार्यक्रम
सोमवार, 26 जनवरी
पत्नी मिशेल के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति सोमवार को गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। बाद में ओबामा दंपति राष्ट्रपति भवन में आयोजित एट होम में शामिल होंगे।
दोपहर में अमेरिकी राष्ट्रपति पीएम मोदी के साथ सीईओ फोरम गोलमेज में हिस्सा लेंगे। अमेरिकी-भारतीय बिजनेस सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
मंगलवार, 27 जनवरी
अमेरिकी राष्ट्रपति मंगलवार सुबह सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में संबोधन करेंगे और इसके बाद सऊदी अरब के दिवंगत सुल्तान को श्रद्धांजलि देने के लिए रियाद रवाना होंगे।
सात स्तरीय सुरक्षा घेरा
- 50, 000 सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात
- 500 अमेरिकी सीक्रेट सर्विस एजेंट और स्पेशल फोर्स के जवान
- 15,000 सीसीटीवी कैमरे रखेंगे पल-पल की निगरानी
- 90 एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात
- 20 से ज्यादा मेलिनोवा कुत्तों की राजपथ और होटल मौर्या शेरेटन में तैनाती
- परेड के दौरान क्षेत्र नो फ्लाई जोन रहेगा
- 71 इमारतें रहेंगी बंद