कांग्रेस का दामन छोड़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल होकर ममता बनर्जी सरकार में मंत्री पद पाने वाले विधायक हुमायूं कबीर ने अपनी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। कबीर ने कहा कि तृणमूल में शामिल होने के बाद से मेरी जान को खतरा है। मुझे काफी धमकियां मिल रही हैं और मैंने बेलडांगा पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई है। मैंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि वह मेरी सुरक्षा बढ़ा दें।
उन्होंने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री अधीर रंजन चौधरी पर आरोप लगाया कि उनके लगातार परेशान करने के चलते ही उन्हें कांग्रेस छोड़नी पड़ी। कबीर ने कहा कि वह अक्सर उनके साथ दुर्व्यवहार करते थे और वह उनका राजनीतिक कैरियर बर्बाद कर देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले के बेहरामपुर से सांसद चौधरी अक्सर कहते हैं कि मैंने कांग्रेस के साथ दगा किया है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस में आने से पहले वह कहां थे। पहले वह आरएसपी पार्टी के सदस्य थे।