शारदा चिटफंड घोटाले को लेकर सियासी वार झेल रहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। बनर्जी के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई में भाजपा को अब वाम दलों का भी साथ मिल गया है।
वाम नेता वैचारिक तौर पर बेशक भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भला-बुरा कहते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में अपने सबसे बडे़ राजनीतिक शत्रु के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए उन्हें भगवा परिवार रास आने लगा है। वाम नेताओं ने केंद्र सरकार से शारदा चिटफंड घोटाले की जांच में तेजी लाने की मांग की है।
सांसद सीताराम येचुरी की अगुवाई में वामपंथी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पीएम मोदी से मुलाकात कर घोटाले में ममता बनर्जी के खिलाफ जांच करने की मांग की।
साथ ही इन नेताओं ने पीएम से आग्रह किया कि अब तक इस मामले में जब्त की गई संपत्तियों का निपटारा कर धोखाधड़ी के पीड़ित लोगों के पैसे वापस करने के इंतजाम किए जाने चाहिए।