दिल्ली पुलिस ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) भर्ती परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस के सिपाही हरीश, उसके सहयोगी मनोज और सरकारी स्कूल के एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।
इन लोगों ने परीक्षार्थियों से मोटी रकम ली थी और ये ब्लूटूथ के जरिए परीक्षा केंद्र में बैठे परीक्षार्थियों को नकल करवाते थे। पुलिस इनकी निशानदेही पर गिरोह में शामिल अन्य लोगों और उन परीक्षार्थियों की तलाश कर रही है, जिन्होंने इन लोगों को मोटी रकम दी थी।
सूत्रों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली के कई स्कूलों में एलडीसी की परीक्षा थी। रोहिणी सेक्टर एक स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी दस बजे सुबह से परीक्षा शुरू होने वाली थी। इसी दौरान पुलिस को इस स्कूल से प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना मिली।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तीसरी बटालियन के एक सिपाही और उसके सहयोगी को दबोच लिया। उनके पास से एक टैबलेट कंप्यूटर मिला, जिसमें प्रश्न पत्र को स्कैन किया गया था।उनसे पूछताछ में पता चला कि सिपाही ने गिरोह के एक सदस्य को स्कूल में जाने की इजाजत दी।
स्कूल के पीटी टीचर नरेंद्र दहिया ने उसे प्रश्न पत्र को स्कैन करने की इजाजत दी। दहिया 18 साल से स्कूल में शिक्षक है। आरोपियों ने बताया कि गिरोह प्रश्नों के उत्तर कंट्रोल रूम से ब्लूटूथ के जरिए परीक्षार्थियों तक पहुंचाता था।