यूपी के मथुरा के एक गांव नगला उदय सिंह में कुएं की सफाई करने उतरे तीन युवकों जहरीली गैस की चपेट में आकर मौत हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारीजनों को मुआवजा दिलाने के लिए जाम लगा दिया। एसडीएम और तहसीलदार के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया।
इस घटना में मरने वाले वीरपाल सिंह (20) पुत्र श्यामबाबू, मुन्ना लाल (22) पुत्र कारे, कलुआ (20 ) पुत्र दलगंजन थे। बताया जा रहा है कि गांव में खारे पानी की समस्या है। इसके चलते गांव के कुछ युवकों ने धर्मशाला में कई साल से बंद पड़े कुएं की सफाई करने का निर्णय लिया था।
बुधवार सुबह साढ़े सात बजे वीरपाल सिंह सबसे सफाई के लिए कुएं में उतरा। जैसे ही वह नीचे गया, उसका दम घुटने लगा। उसने चिल्लाना शुरू किया और बेहोश हो गया। कुछ मिनट बाद मुन्ना लाल और उससे बाद कलुआ कुएं में उतर गया। तीनों ही जहरीली गैस के असर से बेहोश हो गए। बाद में ऊपर मौजूद लोगों ने आवाज लगाई तो तीनों में से किसी ने कोई जवाब नहीं दिया।