भारतीय राजनीति में भूचाल ला देने वाले ललित मोदी ने क्रिकेट में नया धमाका कर दिया है। ट्विटर पर ललित मोदी की एक ऐसी चिट्ठी लीक हुई है, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सुरेश रैना और रविन्द्र जडेजा के साथ ही वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ड्वेन ब्रावो पर एक बुकी से संबंध रखने का आरोप लगाया गया है।
चिट्ठी @shyamswami158 टि्वटर हैंडल से लीक की गई है। श्याम स्वामी नाम के इस शख्स ने ललित मोदी चिट्ठी में लगे आरोपों के बावत पूछा है कि इस पर आप का क्या कहना है। नए खुलासे के बाद पहले से ही फिक्सिंग की बदनामी का दंश झेल रही आईपीएल के साथ ही बीसीसीआई की नीतियों पर भी दोबारा उंगलियां उठ गई हैं।
हालांकि इस चिट्ठी को लीक करने वाले ट्विटर हैंडल पर भी शक जताया जा रहा है कि इसे सिर्फ इसी उद्देश्य के लिए बनाया गया है क्योंकि यह इसका पहला और अकेला ट्वीट है। और यह मात्र चार लोगों को ही फॉलो करता है।
सुरेश रैना, जडेजा और ब्रावो पर बीस करोड़ लेने के आरोप
श्याम स्वामी नाम के इस ट्वीटर हैंडल से जो चिट्टी लीक की गई है वो 20 जून 2013 को ललित मोदी द्वारा आईसीसी के महानिदेशक डेव रिचर्डसन को लिखी गई थी।
जिसमें इस ललित मोदी ने इस बात की जानकारी का जिक्र किया है कि सुरेश रैना, रवीन्द्र जडेजा और ड्वेन ब्रावों के संबंध आईपीएल बुकी और रीयल एस्टेट कंपनी एचडीआईएल के बाबा दीवान से हो सकते हैं।
मोदी के अनुसार उन्हें जानकारी मिली है कि बाबा दीवान ने सुरेश रैना को दिल्ली के वसंत बिहार और नोएडा में एक-एक फ्लैट, रवीन्द्र जडेजा को मुंबई के बांद्रा एचडीआईएल द्वारा बनाए जा रही बिल्डिंग में एक सीफेसिंग अपार्टमेंट दिया गया है जबकि ब्रावो के खाते में कैश ट्रांसफर किया गया है।
बताया गया है कि तीनों खिलाड़ियों को लगभग 20-20 करोड़ रुपए की रकम दी गई है। मोदी ने विश्वस्त सूत्रों के आधार पर दावा किया है कि बाबा दीवान हर मैच पर लगभग 10-20 मिलियन डॉलर का सट्टा लगाता है।
मोदी ने आईसीसी को लिखी थी चिट्ठी
उन्होंने बताया कि मैंने आईपीएल टीम की बिडिंग के दौरान इसकी एंट्री बैन कर दी थी। इसके राजस्थान रायल्स के राज कुंद्रा और चेन्नई सुपरकिंग्स के गुरुनाथ मयप्पन से भी नजदीकी संबंध हैं।
चिट्ठी में मोदी आगे लिखते हैं कि वो दुआ करते हैं कि यह जानकारी सही न हो लेकिन अगर ऐसा होता है तो यह गंभीर मसला है। हालांकि चिट्ठी सामने आने पर मोदी ने फिलहाल इस पर खुलकर तो कुछ नहीं कहा है लेकिन इतना जरूर कहा है कि आप इस पर आईसीसी से पूछें।
अब इस चिट्ठी के सामने आने के बाद तीनों खिलाड़ियों पर उंगलियां उठ गई हैं। मामला इसलिए भी गंभीर हो जाता है कि तीनों ही खिलाड़ी बीसीसीआई के पूर्व श्रीनिवासन की चेन्नई सुपर किंग्स से हैं और इस टीम पर पूर्व में भी फिक्सिंग के आरोपों को लेकर उंगलियां उठती रही हैं।
इस टीम के मैनेजर मयप्पन फिक्सिंग के आरोपों के चलते जेल जा चुके हैं। जबकि श्रीनिवासन भी फिलहाल बीसीसीआई से बाहर चल रहे हैं। लेकिन माना जा रहा है कि श्रीनिवासन को घेरने के लिए ललित मोदी ने ये नया पासा फेंका हो।
Whadya hav to say about this @LalitKModi ? Wat was @ICC response ..... This is shocking!!!! pic.twitter.com/Xg4Q2SUJxu— Shyam Swami (@shyamswami158) June 26, 2015