26/11 मुंबई हमलों के मास्टर-माइंड जकी-उर-रहमान लखवी फिलहाल हिरासत में ही रहेगा। पाकिस्तान की एक अदालत ने लखवी से जुड़ा एक छह साल पुराना मामला फिर से खोल दिया है। इससे पहले पाकिस्तान की अदालत ने लखवी की हिरासत को निरस्त करने के आदेश दिए थे। पाक अदालत के इस कदम की भारत सरकार ने तीखी आलोचना की थी।
बताया जा रहा है कि लखवी को अपहरण के छह साल पुराने मामले में फिर से हिरासत में लेने की तैयारी चल रही है। लखवी फिलहाल तीन महीने की हिरासत में है और इस मामले के फिर से खुलने के बाद लखवी के बाहर आने की गुंजाइश कम होती दिख रही है।
लखवी पर मुंबई हमलों की योजना बनाने और उसको अंजाम देने का आरोप लगा था। पाकिस्तान की अदालत में लखवी मामले पर काफी दिनों से सुनवाई चल रही थी, लेकिन ढुलमुल सुनवाई के चलते पाकिस्तान की आतंकवाद निरोधरक अदालत ने उसकी रिहाई के आदेश दे दिए थे। हालांकि भारत सरकार के कड़े एतराज के बाद पाक सरकार ने इस मामले पर थोड़ी बहुत सक्रियता दिखाई थी और भारत को ठोस आश्वासन भी दिया था।