यह तस्वीर अर्जेन्टीना की एक महिला की है, जिसे उसकी 8 साल की बेटी के सामने ही बुरी तरह से पीटा गया। महिला की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने अपनी फेवरेट फुटबॉल टीम की शर्ट पहनी हुई थी, जिसकी वजह से गुस्से में आकर विरोधी टीम के एक फैन ने महिला की ये हालत कर दी।
डेलीमेल में छपी इस खबर के मुताबिक अर्जेन्टीना में रहने वाली महिला लोरेना साबियो (Lorena Sabio) अपनी बेटी एल्टिया (Altea) के साथ बोका जूनियर्स (Boca Juniors) और अपनी फेवरेट रिवर प्लेट (River Plate) टीम के बीच हो रहा फुटबॉल मैच देखने गई थी।
महिला का वह दिन एक भयानक याद में तब बदल गया, जब बोका जूनियर्स के फैन्स ने साबियो को रिवर प्लेट टीम की शर्ट पहने देख लिया। बोका जूनियर्स के फैन्स ने साबियो पर उसकी 8 साल की बेटी के सामने ही हमला कर दिया और उसकी ये हालत कर दी।
जिस समय 33 साल की साबियो पर यह हमला हुआ, उस समय साबियो अपने घर से अधिक दूर नहीं थीं। उन पर हमला करने वाले का नाम केचअप (Ketchup) है। इस हमले के बाद साबियो बहुत अधिक घबराई हुई हैं और बुरी तरह से चोटिल होने के कारण उन्हें कुछ खाने-पीने में भी दिक्कत हो रही है।
सोशल मीडिया का लेना पड़ा सहारा
मिस साबियो ने कहा कि अपनी बेटी के साथ उनका दिन बहुत ही अच्छा था और उनकी टीम बोका जूनियर्स के खिलाफ मैच भी जीत गई थी। अचानक वह हमलावर आया और साबियो को एक जोरदार पंच मार दिया। इसके बाद साबियो लगभग बेहोश होकर ही जमीन पर गिर पड़ीं।
हमलावर ने महिला को धमकी भी दी कि अगर वह पुलिस के पास गई तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। पुलिस को उस हमलावर की पहचान बताने के बावजूद हमलावर को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे तंग आकर महिला ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और अपनी यह तस्वीरें पोस्ट कर दीं।
हमलावर के परिवार से मिल रही हैं धमकियां
साबियो कहती हैं कि हमलावर के परिवार वालों ने उन्हें धमकी भी दी है और सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे इस कैम्पेन को रोकने के लिए कहा है। साथ ही वह अब बिना किसी से डरे कहती हैं कि हमलावर इससे अधिक बुरा और क्या कर सकते हैं, उन्होंने साबियो का चेहरा लगभग बिगाड़ कर ही रख दिया है।
वह कहती हैं कि इस चोट की वजह से वह खाना भी नहीं खा पा रही हैं। साबियो ने हमलावर के खिलाफ यह कदम इसलिए उठाया है, क्योंकि उनका मानना है कि अगर इसके खिलाफ कोई खड़ा नहीं होगा तो अगली बार वह हमलावर फिर किसी के साथ ऐसा ही कर सकता है। इतना ही नहीं, हो सकता है अगली बार वह किसी को जान से भी मार दे।