वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ लगातार हमलावार उन्हीं की पार्टी के सांसद कीर्ति आजाद की सुर और तीखे हो गए। सोमवार को कीर्ति के टि्वटर एकाउंट से अरुण जेटली के लिए बेहद आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया गया। हालांकि बाद में कीर्ति ने ट्वीट कर कहा कि उनका एकाउंट हैक कर लिया गया था।
दरअसल सोमवार को जब वित्तमंत्री अरुण जेटली ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल समेत आप के छह नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया गया। उसी समय कीर्ति आजाद के टि्वटर एकाउंट से एक ट्वीट किया गया, जिसमें वित्तमंत्री अरुण जेटली को नपुंसक कहा गया।
ट्वीट में कहा गया, 'कई एजेंसियों ने घर आकर मुझसे मुलाकात की और जान के खतरे के चलते मुझसे एहितियात बरतने को कहा। अरुण जेटली, मैं नपुंसकों से डरता नहीं।'
कीर्ति ने जेटली को ट्विटर पर दी चुनौती
ट्वीट जैसे ही वायरल हुआ, कीर्ति के एकांउट से दोबारा ट्वीट किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनका एकाउंट हैक कर लिया गया। मैंन अरुण जेटली को नपुंसक नहीं कहा। इससे पहले सोमवार को कीर्ति ने ट्विटर पर जेटली को चुनौती दी थी वे डीडीसीए मामले में उनके खिलाफ मुकदमा क्यों नहीं कर रहे।
कीर्ति ने कहा कि उन्हें इस बात का बेहद दुख है कि उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज नहीं कराया गया। वह भी तब जब डीडीसीए में भ्रष्टाचार के मामले को सबसे पहले उन्होंने ही उठाया था। मुझे उम्मीद थी कि इस मामले को सबसे पहले उठाने के कारण मेरे खिलाफ भी मानहानि का मामला दर्ज होगा।
लोकसभा में डीडीसीए घोटाले पर हो रहे हंगामें पर जब जेटली ने सफाई दी, उस समय कीर्ति ने चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए मामले की सीबीआई से जांच की मांग कर डाली।
लोकसभा में भी जेटली से भिड़े कीर्ति
लोकसभा में जेटली ने अपने बचाव में कहा था कि कांग्रेस ने एक स्टेडियम के पुनुरुद्घार पर ही 900 करोड़ खर्च कर डाले, जबकि उन्होंने 42000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम का निर्माण महज 114 करोड़ में ही करा दिया।
जेटली अपना बयान देकर जैसे ही बैठे कीर्ति अपनी जगह पर खड़े हो गए और कहा कि यह ठीक है कि स्टेडियम 114 करोड़ में बना, मगर इसके साथ यह भी देखा जाना चाहिए कि उस स्टेडियम की आज क्या हालत है।
गौरतलब है कि इससे पहले कीर्ति ने पार्टी आलाकमान की इच्छा के खिलाफ जा कर रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर जेटली पर निशाना साधा था। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और संगठन महासचिव रामलाल कीर्ति को जेटली के खिलाफ मोर्चा न खोलने को लेकर आगाह कर चुके थे।