इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के सदस्य लक्ष्मण सिंह ने केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। एसपी को फैक्स से प्रेषित तहरीर में बताया गया है कि डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा जारी विकलांग लाभार्थियों की सूची का सत्यापन करने पहुंचे आईएसी कार्यकर्ता और पत्रकारों की कार पर केंद्रीय मंत्री के समर्थकों ने पथराव किया।
इस घटना में किसी को चोट नहीं पहुंची है। एसपी, एएसपी ने घटना से अनभिज्ञता जताई है। उधर, सलमान खुर्शीद और लुईस खुर्शीद ने घटना पर खेद जताते हुए समर्थकों को संयम बनाए रखने की हिदायत दी है। गुरूवार देर रात तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
पुलिस अधीक्षक एन चौधरी को प्रेषित तहरीर में आईएसी सदस्य लक्ष्मण सिंह ने बताया है कि गुरुवार को वह और मुन्नालाल राजपूत, लोक समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुल्तान सिंह, दिल्ली के मीडिया कर्मी अभिनंदन मिश्रा, स्थानीय पत्रकार अनिल कुमार के साथ सुबह करीब 11 बजे कार से सलमान खुर्शीद के पैतृक गांव पितौरा पहुंचे। वह डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा जारी विकलांग लाभार्थियों की सूची का सत्यापन करने पहुंचे थे। सत्यापन के दौरान सलमान के समर्थकों ने जान से मारने की धमकी देते हुए टीम के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद वे कायमगंज पहुंचे।
लक्ष्मण सिंह का कहना है कि लौटते समय दमदमा गांव के पास दोपहर एक बजे बाइक सवार दो लोगों ने कार का पीछा किया। कार न रोकने पर आगे बाइक अड़ा कर पथराव किया। वे लोग किसी तरह जान बचा कर भागे। लक्ष्मण सिंह ने शाम को एफआईआर दर्ज करने के लिए एसपी को फैक्स से तहरीर भेज दी। साथ ही सीओ सिटी विनोद कुमार व एएसपी ओपी सिंह को मोबाइल से घटना की सूचना दी। पत्रकार अनिल कुमार ने भी घटना की पुष्टी की।
लक्ष्मण सिंह ने बताया कि आईएसी की केंद्रीय टीम को घटना की जानकारी दे दी गई है। टीम के सदस्य संजय सिंह शुक्रवार को फर्रुखाबाद पहुंच रहे हैं। वह शाम चार बजे मदारबाडी़ स्थित गांधी आश्रम में लोगों से बातचीत करेंगे।
खुर्शीद को पार्टी की हिदायत
डॉ. जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट पर फर्जीवाड़े से जुड़े आरोपों पर सफाई पेश करने के दौरान सलमान खुर्शीद की
अरविंद केजरीवाल पर की गई टिप्पणी को कांग्रेस पार्टी ने गंभीरता से लिया है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने गुरूवार को बिना किसी का नाम लिए कहा कि सब लोगों को भाषा का सोच समझकर इस्तेमाल करना चाहिए। गौरतलब है कि केजरीवाल ने फर्रूखाबाद में जाकर आंदोलन करने की बात कही थी, जिस पर खुर्शीद ने कहा था कि उन्हें फर्रुखाबाद आने दीजिए लेकिन वह वहां से लौट कर दिखाएं।