नैरोबी के मॉल में हुए आतंकवादी हमले में भारतीय या भारतीय मूल के लोगों के मारे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। इस हमले में कीनिया में बसी भारतीय मूल की मशहूर मीडिया पर्सनेलिटी रुहिला अद्वैत सूद भी मारी गई हैं।
इस्लामी आतंकवादियों के इस बर्बर हमले में अब तक 62 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है।
हमले के वक्त रुहिला वेस्टगेट मॉल के रूफटॉप कार पार्क में मौजूद थीं, जहां वह टीम के साथ छोटे बच्चों के लिए कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर रही थीं।
रुहिला की शादी केतन सूद से हुई, जो नैरोबी में यूएसऐड के साथ कार्यरत हैं। वह गर्भवती भी थीं। रुहिला रेडिया अफ्रीका के मीडिया ग्रुप ईस्ट एफएम में प्रेजेंटर थीं। वह किस टीवी, ई-न्यूज, किस 100 और एक्स-एफएम पर एंटरटेनमेंट खबरों की होस्ट थीं।
अपने ब्लॉग पोस्ट पर रुहिला ने भारतीय खानपान को लेकर लगाव जाहिर किया है। उन्होंने लिखा है, "इसका शायद इस बात से कुछ लेना-देना है कि मैं भारतीय हूं।"
उनकी सहयोगी कमल कौर ने बताया, "हमारी तरफ एक ग्रेनेड फेंका गया और वह फट गया। इसी वक्त उसने हम पर गोलियां बरसाईं। मेरा बेटा बाल-बाल बचा। वह दीवार से छिटककर उसके पास खड़े लड़के को लगी।"
कौर ने कहा, "उसके बाद वह दोबारा आया और बड़ी राइफल से गोलियां चलाने लगा। मेरी बेटी सभी से धीमी आवाज में कह रही थी, मरने की एक्टिंग करो, वह गोलियां नहीं चलाएगा।"