अरविंद केजरीवाल फिर भ्रष्टाचार को लेकर नया खुलासा करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि यह खुलासा काफी बड़ा हो सकता है। रॉबर्ट वाड्रा और नितिन गडकरी के बाद केजरीवाल का यह तीसरा खुलासा होगा।
खुलासे को लेकर राजनीतिक पार्टियों और उनके नेताओं की सांसें थम गई हैं, कि इस बार किसका नंबर आएगा। खुलासा आज शाम 4 बजे कंस्टिट्यूशन क्लब में किया जाएगा। वैसे इस बार सावधानी बरतते हुए केजरीवाल ने यह नहीं बताया है कि उनके निशाने पर कौन होगा।
हालांकि कहा जा रहा है कि केजरीवाल जयपाल रेड्डी को पेट्रोलियम मंत्री से हटाए जाने के पीछे की कहानी का खुलासा कर सकते हैं। इससे पहले उन्होंने आरोप लगाया था कि रिलायंस जैसे कारपोरेट हाउस के हितों को साधने के लिए सरकार ने उनका मंत्रालय बदला है।
वह दस्तावेजों के साथ इस बात का खुलासा कर सकते हैं कि रेड्डी के फैसलों से रिलायंस को कितना नुकसान हुआ। रेड्डी ने पेट्रोलियम मंत्रालय में रहते हुए राष्ट्रहित में सरकार के करोड़ों रुपये बचाने की कोशिश की पर रिलायंस के दबाव में आकर उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया।