कांग्रेस सोमवार को काशी में मोदी और अखिलेश सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी। कांग्रेस ने इस आंदोलन को ‘अभाव मिटाओ-सद्भाव बनाओ’ नाम दिया है। राजबब्बर, प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, प्रदेश प्रभारी मधुसूदन मिस्त्री और सांसद प्रमोद तिवारी जैसे पार्टी के कद्दावर नेता इस पदयात्रा में शामिल होंगे।
इस आंदोलन के जरिए पार्टी न केवल प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में अपनी एकजुटता साबित करने की कोशिश करेगी बल्कि कांग्रेस विधायक अजय राय की रिहाई के लिए भी दबाव बनाएगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने बताया कि पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया जाएगा कि वे विधायक अजय राय पर हुई नाइंसाफी को लेकर जारी आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का काम करें।
पदयात्रा में बनारस के साथ ही आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के कार्यकर्ता भी शिरकत करेंगे। कटिंग मेमोरियल मैदान से यात्रा निकालने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिन में 11 बजे बुलाया गया है। वहां पहले सभा होगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने भाषणों से केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलेंगे और उनकी जनविरोधी नीतियों को उजागर करेंगे।