कर्नाटक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 13 बागी विधायकों ने मंगलवार को स्पीकर केजी बोपैया से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।
बोपैया ने इस्तीफा सौंपने वाले सभी विधायकों से बातचीत की और उनके इस्तीफे ले लिए।
हालांकि भाजपा दावा कर रही है कि कर्नाटक सरकार पर कोई संकट नहीं है। लेकिन येदियुरप्पा ने ये कहकर मुश्किल बढ़ा दी है कि भाजपा के पांच और विधायक उनके संपर्क में हैं।
इन 13 विधायकों के इस्तीफा देने के बावजूद फिलहाल कर्नाटक सरकार पर कोई खतरा नहीं है, लेकिन अगर इस्तीफा देने वाले विधायकों की संख्या बढती है तो सरकार पर संकट गहरा सकता है।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदयुरप्पा की नवगठित कनार्टक जनता पार्टी (कजपा) के नेता एमडी लक्ष्मीनारायण का कहना है कि बोपैया विधायकों के इस्तीफे स्वीकार कर सकते हैं।
225 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में बोपैया को छोड़कर भाजपा के 117 सदस्य हैं। उसे साधारण बहुमत के लिए 113 की जरूरत है। कांग्रेस के 71 और जनता दल एस के 26 सदस्य हैं। सदन में सात निर्दलीय तथा 2 पद रिक्त हैं। एक सदस्य नामित है।