कांग्रेस ने बुधवार को कर्नाटक के लोगों से वादा किया कि अगर वह राज्य में सत्ता में आई तो वह किसानों को ब्याज रहित ऋण, विश्वविद्यालय स्तर से पहले के छात्रों को मुफ्त लैपटॉप और बीपीएल कार्डधारक किसानों को एक रुपये प्रति किलो की दर से चावल देगी।
ज्ञात हो कि कर्नाटक में आगामी 5 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए रक्षामंत्री एके एंटनी ने बुधवार को कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया।
घोषणा पत्र में 2 लाख रुपये तक ब्याज रहित ऋण और पांच लाख रुपये तक 3 प्रतिशत ब्याज पर ऋण प्रदान करने, 1500 करोड़ रुपये का प्राकृतिक आपदा राहत कोष गठित करने, प्रतिदिन तीन चरणों में लगातार 8 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराने सहित किसानों के हितकारी कई कार्यक्रमों की घोषणा शामिल है।
पार्टी ने विश्वविद्यालय से पूर्व के सभी छात्रों को मुफ्त लैपटॉप या डिजिटल नोटपैड देने और कन्नड़ को अनिवार्य रूप से निर्देश की भाषा बनाने और पहली कक्षा से अंग्रेजी पढ़ाए जाने का भी वादा किया है।
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में खाद्य सुरक्षा कानून को पूरी तरह से लागू करने और गरीबी रेखा से नीचे के राशनकार्ड धारकों को प्रतिमाह 30 किलो चावल एक रुपये प्रति किलो की दर से देने का वादा किया है।