पूर्व संसदीय कार्य मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ नई लोकसभा में प्रोटेम (अस्थायी) स्पीकर होंगे। लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने वरिष्ठ संसद सदस्य कमलनाथ को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है।
प्रोटेम स्पीकर नए स्पीकर चुने जाने तक स्पीकर के सभी कार्य संपन्न करता है। हाल ही में नरेंद्र मोदी सरकार ने राष्ट्रपति से कमलनाथ को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने की सिफारिश की थी।
पिछली सरकार में कमलनाथ शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री थे। वह मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा सीट से नौंवी बार चुनाव जीते हैं। आम तौर पर सबसे अधिक बार सदन का सदस्य चुन कर आने वाले सदस्य को ही प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है।