फिल्म ‘विश्वरूपम’ पर विवाद के बीच कमल हासन ने कहा है कि इसका विरोध राजनीति से प्रेरित होकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी फिल्में बनाते रहेंगे, विरोध से डरने वाले नहीं हैं। हासन ने यह भी कहा कि उन्होंने देश छोड़ने की बात गुस्से में कही थी लेकिन जायज थी और यदि ऐसी घटना आगे भी हुई तो वह देश छोड़ने की बात पर गंभीरता से विचार करेंगे।
मुंबई के जूही पीवीआर में पत्रकारों को फिल्म दिखाने से पहले कमल हासन ने कहा कि मैं भारत की उस भावना को सलाम करता हूं जिसने मेरा ऐसे समय पर भरपूर समर्थन किया। उन्होंने कहा, किसी भी कला का सम्मान होना चाहिए, उसे राजनीति से जोड़ना गलत है। वे हर तरह की सांप्रदायिकता का विरोध करते रहे हैं और करते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि फिल्म विश्वरूपम जहां भी रिलीज हुई उसे अच्छा समर्थन मिला है और लोगों ने सराहा है। हासन ने उन लोगों को छोड़ने की बात भी कही जो प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए। अपना दर्द जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सारी पूंजी इसमें लगी है और विवाद के कारण वे सो नहीं पाए।