पेट्रोलियम मंत्रालय से विदा हुए जयपाल रेड्डी प्रकरण में भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के सुर में सुर मिला दिए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्तमंत्री जसवंत सिंह ने बुधवार को एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार को इस बात का खुलासा करना चाहिए कि रेड्डी को पेट्रोलियम व प्राकृतिक मंत्रालय से क्यों हटाया गया। उन्होंने रिलायंस पेट्रो इंडस्ट्री का जिक्र कर कहा कि सरकार को देशवासियों के सामने इस बारे में सच्चाई बतानी चाहिए।
वहीं रिलायंस समूह को लेकर अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर भाजपा ने केंद्र सरकार से सभी तथ्य जनता के सामने रखने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा ने केजरीवाल के आरोपों को साप्ताहिक मंडी करार दिया। पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि केजरीवाल हिट एंड रन की नीति पर चल रहे हैं, ऐसे में उनके आरोपों का जवाब देना उचित नहीं है।
नकवी के अनुसार रिलायंस गैस से संबंधित सभी मामले पहले से जनता के सामने हैं और केजरीवाल ने नया कुछ भी नहीं बताया। भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि जो भी मामले केजरीवाल ने उठाए हैं उनमें कुछ नया नहीं है। रिलायंस व प्राकृतिक गैस को लेकर सीएजी की रिपोर्ट में ये बातें पहले से सामने आ चुकी हैं। संसदीय लोकलेखा समिति (पीएसी) भी उसकी जांच कर रही है। मामला अदालत में भी है, ऐसे में यदि कोई नए तथ्य हैं तो सरकार को उन्हें सामने रखना चाहिए।