इंडो-फ्रेंच उपग्रह ‘सरल’ के प्रक्षेपण से पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन के राधाकृष्णन रविवार को भगवान वेंकटेश्वर के मंदिर पहुंचे और उपग्रह के सफल प्रक्षेपण के लिए पूजा अर्चना की। उपग्रह को इसरो के पीएसएलवी-सी20 से सोमवार सुबह रवाना किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि इसरो चेयरमैन हर उपग्रह के प्रक्षेपण से पहले और सफल प्रक्षेपण के बाद भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लेने आते हैं। राधाकृष्णन के साथ पत्नी पद्मिनी भी थीं। पिछले दो दशक से इसरो का प्रत्येक चेयरमैन हर उपग्रह प्रक्षेपण से पहले आशीर्वाद लेने के लिए 2000 साल पुराने तिरुमाला मंदिर आते रहे हैं।
चेन्नई से 110 किमी दूर स्थित श्रीहरिकोटा से ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान पीएसएलवी-सी20 सोमवार सुबह 5:56 बजे ‘सरल’ और छह अन्य विदेशी उपग्रहों को लेकर रवाना होगा।