छह साल पहले मुंबई हमले की साजिश रचने के आरोप में ब्रिटिश पुलिस ने हाल ही में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पिछले दिनों ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा अधिकारियों ने दहशत फैलाने के लिए किसी निर्दोष का सरेआम सिर कलम करने की साजिश में 12 लोगों को गिरफ्तार किया था।
कनाडा में एक बंदूकधारी ने वॉर मेमोरियल की सुरक्षा में लगे एक सुरक्षाकर्मी को मार डाला। वहीं न्यूयॉर्क सिटी में एक शख्स ने कुल्हाड़ी लेकर चार पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। ये सारी घटनाएं महज चार हफ्तों के भीतर की है।
पकड़े गए हमलावर खुद को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़ा हुआ बता रहे हैं। यह संगठन इन दिनों पश्चिमी देशों में ऐसे लोगों से एकल आत्मघाती दस्ता बनने की अपील कर रहा है, जो अपनी जान की परवाह किए बगैर इस तरह के हमलों को अंजाम दे रहे हैं।
हालांकि, अभी यह साबित नहीं हो पाया है कि यह एकल आत्मघाती दस्ता आतंकी समूह के नेटवर्क के तहत कैसे काम कर रहा है। मगर, हिंसा के हरेक मामलों में योजना बनाने और उसका क्रियान्वयन करने के लिए ऐसे आत्मघाती लोग आईएस के संदेशों से ही संचालित हो रहे हैं। आईएस के बदलते तौर तरीके पश्चिम के लिए नया खतरा और चुनौती साबित हो रहे हैं।