धनबाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया जिस पर आईएसआईएस को समर्थन देने वाली टीशर्ट पहनने का और पाकिस्तानी झंडा हाथ में लेकर घूमने का आरोप है। इसके साथ पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है।
झारिया के इंदिरानगर इलाके के रहने वाले साकिद रशीद को मुहर्रम के दौरान सोमवार को हिरासत में लिया गया। डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक बुधवार को अमित कुमार ने बताया कि,"उस वक्त तक कुछ नहीं कहा जा सकता जब तक मामले की जांच पूरी ना हो जाए।"
उन्होंने बताया कि,"हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं और उन लोगों की पहचान कर रहे हैं जो शहर की फिजा को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।" झारिया पुलिस स्टेशन के इंचार्ज विष्णु रजक ने बताया कि,"ये लोग मुहर्रम में हिस्सा ले रहे थे।"