दस महीने में पेरिस को दो बार दहला देने वाले इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) का खतरा हमारे देश पर भी मंडरा रहा है। खुफिया एजेंसियों के पास जानकारी है कि इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के सदस्य इस बर्बर संगठन के लिए नेटवर्क तैयार करने का काम कर रहे हैं। इनके निशाने पर स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट इन इंडिया (सिमी) की गतिविधियों के लिए बदनाम पश्चिमी यूपी के कई जिले भी हैं। इनमें आगरा और अलीगढ़ भी शामिल हैं।
केंद्र का गृह विभाग लगातार इसका अलर्ट जारी कर रहा है। पहले बताया गया था कि सिमी के मॉड्यूल्स आईएस के संपर्क में आ चुके हैं। दरअसल, इंडियन मुजाहिदीन को सिमी का ही परिवर्तित रूप माना जाता है। सिमी की स्थापना अलीगढ़ में हुई थी। इसलिए यहां और आस पास इसका नेटवर्क काफी मजबूत है।
मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, सहारनपुर, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद, बिजनौर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा में सिमी के मॉड्यूल्स सक्रिय रहे हैं।