इशरत फर्जी मुठभेड़ मामले में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने के आरोप पर कांग्रेस ने भाजपा पर पलटवार किया है।
कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि अगर भाजपा मुठभेड़ मसले पर पूरी तरह साफ है तो उसे सीबीआई की जांच से डर नहीं होना चाहिए।
पार्टी प्रवक्ता भक्त चरणदास ने कहा कि जिसने अपराध नहीं किया है, उसे किसी बात की चिंता नहीं होनी चाहिए। प्रकरण की जांच पर वह इतने बौखलाए क्यों है।
आखिर वह क्यों नहीं चाहते कि कानून अपना काम करे। उन्होंने कहा कि जांच और तथ्यों की खोज तो एक महज प्रक्रिया है।
जब तक सर्वोच्च अदालत व्यक्ति को दोषी नहीं ठहराता, आप किसी व्यक्ति की तरफ अंगुली नहीं उठा सकते। दास भाजपा के आरोप पर संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले में नरेंद्र मोदी को फंसाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जनता नरेंद्र मोदी की प्रशासनिक क्षमता की तारीफ कर रही है। लेकिन कांग्रेस मोदी की बदस्तूर आलोचना कर रही है।
लगातार चुनाव हारने के बाद भी वह मोदी पर हमला कर रही है। सीबीआई का गलत उपयोग कर उन पर निशाना साधा जा रहा है।