अमर उजाला के रुपायन अचीवर्स को सम्मानित करने कानपुर पहुंची बॉक्सर मैरीकॉम ने खेलों में चलने वाली कथित लॉबिंग और राजनीति पर सीधा हमला बोला। मुक्केबाजी में ओलंपियन एमसी मैरी कॉम ने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है खेल में राजनीति खत्म करके टैलेंट को आगे लाया जाए।
उनका कहना है कि बॉक्सिंग को लेकर यूथ में काफी क्रेज है, लेकिन सभी को बेहतर प्लेटफार्म मिले, इसके लिए निचले स्तर पर स्पोर्ट एसोसिएशन को भी काम करना पड़ेगा। हर खिलाड़ी मेडल जीतने के लिए ही खेलता है, लेकिन ऐसा कोई-कोई ही कर पाता है।
दरअसल देश में खिलाडिय़ों को विश्व विजेता की तरह तैयार करने की व्यवस्था अभी विश्वस्तरीय नहीं है। यही वजह है कि पूरा जोश लगाने के बावजूद इंटरनेशनल प्लेटफार्म में हमारे खिलाड़ी कहीं न कहीं चूक जाते हैं। बुधवार को अमर उजाला रूपायन अचीवर अवार्ड समारोह में मु य अतिथि के रूप में मैरी कॉम यहां आई थीं।
'अमर उजाला' से विशेष बातचीत में ओलंपिक पदक विजेता मैरी कॉम ने कहा कि पिछड़े तबके की लड़कियां तेजी से खेल में आगे आ रही हैं, लेकिन उन्हें सही गाइडेंस और सही प्लेटफार्म नहीं मिलने से वे स्टेट लेवल से आगे नहीं बढ़ पाती हैं।