परमाणु जखीरे को पूर्ण बनाने की ओर बड़ा कदम उठाते हुए भारत ने स्वदेशी परमाणु पनडुब्बी आईएनएस अरिहंत पर ऑन-बोर्ड एटॉमिक रिएक्टर एक्टिवेट कर दिया है। अब यह नौसेना में शामिल होकर काम शुरू कर सकती है।
परमाणु पनडुब्बी से जुड़े इस घटनाक्रम पर सूत्रों ने कहा, 'बीती रात आईएनएस अरिहंत पर परमाणु रिएक्टर को एक्टिवेट कर दिया गया है।'
आईएनएस अरिहंत विशाखापटनम स्थित नौसेना के अहम सबमरीन बेस पर ट्रायल से गुजर रहा था और इसे अब जल्द ही समंदर में आजमाया जाएगा, क्योंकि परमाणु रिएक्टर शुरू हो चुका है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को इसके लिए वैज्ञानिकों और सैन्य विभाग के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह देश की स्वदेशी टेक्नोलॉजिकल क्षमताओं के क्षेत्र में एक लंबी छलांग है।
उन्होंने कहा, 'मुझे यह जानकर बेहद खुशी हुई कि आईएनएस अरिहंत पर ऑन बोर्ड परमाणु प्रोपल्जन रिएक्टर ने काम करना शुरू कर दिया है।'
परमाणु ऊर्जा विभाग, नौसना, डीआरडीओ समेत इससे संबद्ध सभी विभागों और लोगों को मुबारकबाद देते हुए सिंह ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि जल्द ही आईएनएस अरिहंत की कमिशनिंग हो जाएगी।