फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटे मिखाइल को मारना चाहती थी इंद्राणी

विज्ञापन
विज्ञापन
शीना बोरा हत्याकांड में जितने किरदार सामने आ रहे हैं उतने ही नए खुलासे हो रहे हैं। मुबंई पुलिस के मुताबिक शीना बोरा की हत्या के दौरान आईएनएक्स मीडिया की सीईओ इंद्राणी मुखर्जी अपने पहले पति के बेटे मिखाइल को भी मरवाना चाहती थी।
विज्ञापन


पुलिस की पूछताछ में इंद्राणी के पति संजीव खन्ना ने यह राज उगला है। वहीं, यह भी पता चला है कि उससे पहले इंद्राणी बेटे मिखाइल को पागल करार देना चाहती थी। इसके लिए उसने मिखाइल को पुणे के एक पागलखाने में डेढ़ महीने तक भर्ती कराया था।

इस बीच, यह भी पता चला है कि शीना के शव के अवशेष मिलने के बावजूद हत्या या दुर्घटना में हुई मौत का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था। पहली बार रायगढ़ पुलिस ने अपनी लापरवाही को माना कि उसने लाश के जले हुए अवशेष मिलने के बावजूद मामले को हल्के में लिया।
विज्ञापन


गुवाहाटी से मुंबई लाए गए इंद्राणी के पहले पति सिद्धार्थ दास के पुत्र मिखाइल ने पुलिस को बताया कि जिस दिन शीना की हत्या की गई उसी दिन उसे भी मारने का प्लान बनाया गया था। शीना बोरा की हत्या का तानाबाना बुनने के साथ ही इंद्राणी ने मिखाइल को मुंबई बुलाया था।

मिखाइल 24 अप्रैल को जब मुंबई पहुंचा तब वरली के घर में इंद्राणी और उसके दूसरे पति संजीव खन्ना मौजूद थे। शीना की सगाई की बातचीत के दौरान उसे कुछ नशीली चीज डालकर शराब पिलाई गई थी, जिससे उसे होश नहीं रहा। मिखाइल ने पुलिस को बताया है कि उस दिन शीना को भी वरली के फ्लैट पर बुलाया गया था लेकिन वह वहां आने के लिए तैयार नहीं हुई।

नशे मे धुत मिखाइल को वहीं छोड़कर संजीव और इंद्राणी बांद्रा आ गए थे जहां से शीना को किराए की सुमो कार में जबरन बिठा लिया गया था। वहां से आते समय उसके लिए एक अंगूठी भी खरीदी गई थी। लेकिन, जब इंद्राणी वरली के फ्लैट पर पहुंची तब तक मिखाइल वहां से जा चुका था।

उसके बाद शीना की कार में ही गला घोंटकर हत्या की गई और उसके बाद पेण के जंगल में शव को ठिकाने लगाया गया। मिखाइल ने पुलिस को बताया कि उसे षड्यंत्र की आशंका हुई इसलिए वरली से टैक्सी पकड़ी और सीधे गुवाहाटी चला गया। मिखाइल के इस बयान की पुष्टि के लिए पुलिस ने संजीव खन्ना से पूछताछ की।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक खन्ना ने इसकी पुुष्टि की और बताया कि उसने मिखाइल को मारने से रोका था। वहीं, मिखाइल को पागल करार देने की खबर के पीछे मकसद यह बताया जा रहा है कि इंद्राणी उसे मां नहीं बल्कि बहन कहने के लिए टार्चर कर रही थी। जिससे दुनिया के सामने यह सच्चाई सामने न आए कि मिखाइल उसका बेटा है।

इंद्राणी ने कहा- पैसे के लिए झूठ बोल रहा है मिखाइल

इंद्राणी मुखर्जी अपने बेटे मिखाइल के सामने आते ही आपा खो बैठी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसने मिखाइल की बातों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा वह पैसे के लिए झूठ बोल रहा है और अनाप-शनाप आरोप लगा रहा है। लेकिन, मिखाइल ने बेधड़क पुलिस से कहा कि शीना के साथ ही वह उसका भी कत्ल कर देना चाहती थी।

मुंबई पुलिस मिखाइल से इंद्राणी के बारे में हर राज उगलवाना चाहती है। इसलिए मुंबई पुलिस ने उसे इंद्राणी के सामने बैठाकर आमने-सामने करने से पहले बांद्रा के एक होटल के बंद कमरे में भी पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि इंद्राणी जानती है कि उसे नशे की लत है इसलिए पैसे देकर उसका मुंह बंद करा देती थी।

इंद्राणी उसे हर महीने जेब खर्च के रूप में 12 हजार रुपये देती थी। उसने पुलिस को बताया कि पैसे के कारण इंद्राणी उसे जो कहती थी वही करता था। वहीं, पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि शीना की मौत के बाद मिखाइल ने ही 7 जुलाई 2012 को रिलायंस मेट्रो कंपनी को शीना का इस्तीफा ई मेल किया था। मौत से पहले शीना इसी कंपनी में बतौर एचआर कंसल्टेंट काम करती थी। इसके साथ ही वह शीना वह उसका फेसबुक एकाउंट भी ऑपरेट करता था। पुलिस के मुताबिक मिखाइल को शीना के हर सोशल एकाउंट का पासवर्ड पता था।
विज्ञापन

विधि के रास्ते की रोड़ा थी शीना

पुलिस सूत्रों के अनुसार इंद्राणी अपनी  बेटी शीना और बेटे मिखाइल को इसलिए रास्ते से हटाना चाहती थी क्योंकि वह अपने वर्तमान पति पीटर मुखर्जी की संपत्ति में बंटवारा नहीं होने देना चाहती थी। इंद्राणी चाहती थी कि उसके मौजूदा पति पीटर मुखर्जी की संपत्ति में सिर्फ विधि का अधिकार हो।

पीटर की पहली पत्नी शबनम से पैदा हुए राहुल के साथ जब शीना का अफेयर शुरू हुआ तब से ही इंद्राणी परेशान थी। पीटर की संपत्ति में शीना हिस्सेदार बने यह उसे कतई मंजूर नहीं था। वहीं, संजीव खन्ना भी बेटी विधि को बहुत चाहता है। इसके चलते इंद्राणी के साथ शीना की हत्या में संजीव खन्ना ने भी सहयोग दिया।

पुलिस ने शीना की हत्या में इस्तेमाल की गई कार तलाश ली है लेकिन उसे बरामद नहीं कर पाई है। इससे पहले उसने देहरादून से शीना का पासपोर्ट जब्त किया था। शनिवार को पुलिस ने इंद्राणी और उसके बेटे मिखाइल के खून और बाल के नमूने लेकर उन्हें डीएनए टेस्ट के लिए भेजा।

इंद्राणी, ड्राइवर श्यामवर राय और संजीव ने हत्या का जुर्म कुबूला है। इससे हत्या से जुड़े रहस्य से काफी हद तक पर्दा उठ गया है। इसलिए अब अधिक से अधिक सबूत इकट्ठा करने की कोशिश की जा रही है जिससे कोर्ट में पुलिस का आरोप पुख्ता हो सके और आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।

मुंबई पुलिस ने इंद्राणी मुखर्जी और संजीव खन्ना के कॉल डिटेल्स भी मंगाए हैं जिससे यह साबित होता है कि तलाक के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। पुलिस को अप्रैल 2012 से लेकर अब तक के कॉल डिटेल्स से पता चला है कि दोनों की अक्सर फोन पर बातें होती थीं।

शीना की हत्या का मामला जिस व्यक्ति के इर्दगिर्द घूम रहा है वह हैं इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी। स्टार इंडिया के पूर्व मुखिया पीटर मुखर्जी हालांकि इस पूरे मामले से अनजान होने का दावा कर रहे हैं लेकिन पुलिस का मानना है कि जल्द ही पीटर को भी इंद्राणी के सामने बिठा कर पूछताछ की जाएगी। इसीलिए खार पुलिस ने पीटर का पासपोर्ट भी जमा करा लिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें