सरकार सचिव स्तर की वार्ता रद्द होने के बाद पाकिस्तान के साथ ठप पड़ चुके रिश्तों में रवानगी लाने की कोशिश में है। शनिवार को रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने पाकिस्तान के साथ संबंध ठीक करने के लिए बैक चैनल से कोशिशों का संकेत दिया।
एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पाक के साथ संबंधों की नई शुरुआत की मंशा जताई थी। हालांकि जेटली ने सीमा पर पाकिस्तान की हरकतों को इन रिश्तों का सबसे बड़ा बाधक भी बताया।
भारत ने अपनी ताजा कोशिशों के साथ पाकिस्तान को दो टूक संदेश दे दिया है कि अगर वह सीमा पर संघर्ष विराम करार का पालन नहीं करता तो संबंध में सुधार की भी उम्मीद नहीं करे।
उच्चपदस्थ सरकारी सूत्रों ने बताया कि यही वजह है कि इस हफ्ते दोनों देशों के मिलिट्री ऑपरेशन महानिदेशक (डीजीएमओ) की बातचीत के बाद सीमा पर अपेक्षाकृत शांति है।