पाकिस्तान की जमीन से भारत पर होने वाले आतंकी हमले नहीं रुके तो परमाणु युद्ध छिड़ सकता है। अमेरिकी विशेषज्ञों ने यह आशंका जताई है। विशेषज्ञों के मुताबिक पाकिस्तान की तरफ से यदि भारत में फिर से मुंबई पर हुए 26/11 जैसा हमला होता है, तो भारत इसके खिलाफ कड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा।
इसके जवाब में पाकिस्तान परमाणु हथियारों का उपयोग कर सकता है। उनके मुताबिक इस मसले का हल केवल अमेरिका पाक सरकार से बात कर निकाल सकता है। अमेरिकी विशेषज्ञ और कार्नेजी इंडावमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस संस्था के उपाध्यक्ष जॉर्ज पेर्कोविच और सदस्य एश्ली टेलीस ने बुधवार को सीनेट की सशस्त्र समिति की उपसमिति के सामने अपनी चिंता रखी।
उन्होंने आशंका जताई कि दक्षिण एशिया में आने वाले भविष्य में परमाणु हथियारों का उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए भारत और पाक के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा जिम्मेदार होगी।