जनरल एटॉमिक्स इलेक्ट्रोमैग्नेटिक्स के अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय नीतिगत विकास के मुख्य कार्यकारी और अमेरिका तथा वैश्विक ऑपरेशन के प्रमुख डॉ. विवेक लाल बोइंग इंडिया के परिचालन प्रमुख और रिलायंस न्यू वेंचर्स के प्रेसिडेंट और सीईओ भी रह चुके हैं। जनरल एटॉमिक्स इलेक्ट्रोमैग्नेटिक और पल्स्ड पावर सिस्टम, जैसे इलेक्ट्रोमैग्नेटिक एयरक्राफ्ट लांच सिस्टम (ईएमएएलएस) और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेल गन, की डिजाइनिंग और उसके निर्माण में दुनिया की अग्रणी कंपनी है। डॉ. लाल कहते हैं कि भारत न्यूक्लियर रिएक्टर लगाने के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनरल एटॉमिक्स की भारत के लिए योजनाओं सहित परमाणु रिएक्टर, ईएमएएलएस, तेल, गैस व अन्य क्षेत्रों के बारे में अमर उजाला के सुजय मेहदूदिया से विस्तार से बातचीत की। पेश है बातचीत के संपादित अंश:
वैश्विक स्तर पर जनरल एटॉमिक्स के लिए आप सबसे ज्यादा मौके कहां देखते हैं?
दुनिया में बिजली की मांग बढ़ती जा रही है। इसे पूरा करने के लिए जनरल एटॉमिक्स आधुनिक तकनीक का निर्माण करने के मामले में शीर्ष पर है। हम अपनी विशेषज्ञताओं का इस्तेमाल परमाणु, तेल/गैस, ऊर्जा और दूषित जल तथा खनन जैसे क्षेत्रों में कर रहे हैं जहां विश्वसनीय और सक्षम तकनीक की मांग है ताकि रखरखाव में आसानी के साथ लाभ में बढ़ोतरी हो सके। जनरल एटॉमिक्स के पोर्टफोलियो में तकनीक, उत्पाद और सेवाएं हैं, जिनमें लगातार विस्तार हो रहा है। हम विश्व भर के ग्राहकों को उनके लायक समाधान उपलब्ध कराने में सक्षम हैं। भारत में कई नए न्यूक्लियर रिएक्टर लगने वाले हैं। आप भविष्य में कौन से उत्पाद और विशेषज्ञता यहां लाने वाले हैं। हमारे पास परमाणु ऊर्जा की तकनीकों को विकसित करने का 60 साल से भी ज्यादा का अनुभव है। हम वैश्विक स्तर पर रेडिएशन मॉनिटरिंग और डिटेक्शन सिस्टम के निर्माण में शीर्ष पर हैं। हमारी प्रणाली आईएईए की जरूरतों को पूरी करती है और गुणवत्ता, विश्वसनीयता और रखरखाव में आसानी के लिए जानी जाती है। वर्तमान में जनरल एटॉमिक्स की तकनीक 120 से भी ज्यादा परमाणु ऊर्जा प्लांटों में लगी है। अमेरिका के पांच निर्माणाधीन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों के लिए हम रेडिएशन मॉनिटर की आपूर्ति कर रहे हैं।
क्या वैश्विक स्तर पर न्यूक्लियर रिएक्टर तकनीक की मांग में आप बढ़ोतरी देख रहे हैं?
कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए वैश्विक स्तर पर बिजली उत्पादन के लिए परमाणु संयंत्र तकनीक अच्छा विकल्प है। सरकारें बिजली उत्पादन के लिए नई, सस्ती और सुरक्षित तकनीक तलाश रही हैं। उन्नत होती तकनीक जिसमें छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर्स और थोरियम रिएक्टर्स पर चल रहा नया शोध शामिल है, उत्पादों की मांग बढ़ा सकता है। हालांकि उत्पाद बाजार के अनुकूल कीमतों पर उपलब्ध होना चाहिए।
परमाणु क्षेत्र में आप किन तकनीकों के विकास पर ध्यान दे रहे हैं?
जनरल एटॉमिक्स अपने लचीले मॉड्यूलर रेडिएशन मॉनिटरिंग और रेडिएशन पता लगाने की तकनीक पर केंद्रित है। यही वजह है कि उद्योग जगत में कंपनी अपनी विश्वसनीयता और सुरक्षा के लिए जानी जाती है। हम नए संयंत्रों के हिसाब से मॉनिटर विकसित करना जारी रखेंगे साथ ही मौजूदा संयंत्रों को अपग्रेड करने के अवसर भी उपलब्ध कराएंगे। हम अपने ग्राहकों को लंबी अवधि का सहयोग देने के प्रति प्रतिबद्ध हैं। हम उन्हें नई तकनीक, उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराते हैं ताकि संयंत्र को हमेशा सुरक्षित रखा जा सके।
तेल-गैस उद्योग को मदद करने में आपकी कंपनी किस स्थान पर हैं?
हमारी कंपनी 35 साल से तेल और गैस कंपनियों को सहयोग प्रदान कर रही है। कंपनी मॉड्यूलर गल्फट्रोनिक इलेक्ट्रोस्टैटिक सेपरेटर प्रणाली उपलब्ध कराती है जिससे विश्व भर की रिफाइनरी ज्यादा विपणन योग्य उच्च मूल्य के उत्पाद तैयार करती हैं। इससे उनके मुनाफे में इजाफा होता है। हमारी तकनीक के इस्तेमाल से वे स्लरी ऑयल को भी शोधित कर कमाई कर सकते हैं जिसे अवशिष्ट समझा जाता है। हमारी ज्यादा सक्षम और पेटेंटेड तकनीक वैसी रिफाइनरीज के बीच लोकप्रिय हो रही है जो रखरखाव खर्च घटाते हुए लाभ बढ़ाना चाहती हैं।
भारत में जनरल एटॉमिक्स के सबसे बड़ी गल्फट्रॉनिक इकाइयां काम कर रही हैं। पहली इकाई 1990 में और दूसरी इकाई 2000 में लगाई गई थी। साल 2014 में जनरल एटॉमिक्स को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की कोच्चि रिफाइनरी में गल्फट्रॉनिक प्रणाली लगाने का ठेका दिया गया। तेल और गैस उद्योग की जरूरतों को देखते हुए हम इस क्षेत्र में अपने डायरेक्ट ड्राइव कंप्रेसर मोटर्स, मॉड्यूलर हाई फ्रीक्वेंसी पावर ड्राइव्स और टर्मिनल ऑटोमेशन उत्पादों के लिए अवसर देख रहे हैं।