पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरी दुनिया में भारत की सांस्कृतिक धरोहर योग का डंका बजा। भारत के सदियों पुराने ज्ञान का परचम पहली बार कश्मीर से कन्याकुमारी तक ही नहीं, बल्कि सरहद की सीमा लांघ दुनिया के 192 देशों के 251 शहरों में लहराया। योग के जलवे से जल, थल और आकाश भी अछूता नहीं रहा।
थल सेना के जवान सियाचिन की दुर्गम और बर्फ से ढकी पहाड़ की चोटियों पर योग करते नजर आए तो नौसेना के जवानों ने समुद्र में योग साधना की। राजपथ पर विदेशियों समेत तमाम देशों के दूतावासों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
भारत में जहां सभी राज्यों की राजधानियों, जिला मुख्यालयों पर योग का भव्य आयोजन किया गया, वहीं यमन को छोड़कर दुनिया के 192 देशों के 251 शहरों में योग की धूम रही। योग के जलवे से न तो बर्फ से ढकी दुर्गम पहाड़ियों की चोटियां अछूती रहीं और न ही समुद्र और आकाश।