दुनिया के कुल गरीबों का एक तिहाई हिस्सा भारत में है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक इन लोगों की रोजाना आमदनी करीब 65 रुपये (1.25 रुपये) है। वहीं दुनियाभर में करीब 1.2 अरब लोग बेहद गरीबी की जिंदगी जी रहे हैं।
'गरीबों की स्थितिः कहां हैं गरीब, कहां हैं सबसे गरीब' शीर्षक वाली रिपोर्ट के मुताबिक साल 1981 से 2010 के बीच हर विकासशील मुल्क में गरीब आबादी का अनुपात कम हुआ। इन इलाकों में गरीबी का अनुपात 50 प्रतिशत से घटकर 21 प्रतिशत हो गया।
उल्लेखनीय है कि इन विकासशील देशों की आबादी में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, इसके बावजूद गरीबी का अनुपात कम होना संतोषजनक है। हालांकि उप-सहारा अफ्रीकी इलाके में अभी भी गरीबों की हालत बेहद दयनीय है।
विश्व बैंक के अध्यक्ष जिम योंग किम ने बताया कि गरीबी में कमी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के प्रयास का नतीजा है। हालांकि अभी भी दुनिया की आबादी का पांचवां हिस्सा गरीबी में जी रहा है।