केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे अमेरिका के साथ साइबर सिक्योरिटी को मजबूत करने की दिशा में खास बातचीत करने जा रहे हैं।
इसी हफ्ते अमेरिका यात्रा पर जा रहे शिंदे अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ आंतरिक सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।
इस दौरान खासतौर पर चीन की ओर से हो रहे साइबर हमले से बचाव के उपायों पर भी अहम कदम उठाए जाएंगे।
शिंदे ने साफ किया कि वह अमेरिकी जेल में बंद 26/11 आरोपियों डेविड हेडली और तहव्वुर राणा पर अलग से कोई बात नहीं करेंगे।
शिंदे ने बुधवार को जानकारी दी कि अमेरिकी यात्रा के दौरान वह वहां के जेलों का दौरा भी करेंगे। आंतरिक सुरक्षा पर मुख्यमंत्रियों की अगले महीने होने वाले सम्मेलन के पहले शिंदे की अमेरिकी यात्रा को अधर में लटके एनसीटीसी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
संकेत है कि शिंदे और उनके साथ जाने वाले गृहमंत्रालय के अधिकारी अमेरिकी एजेंसी एफबीआई की कार्यकलापों पर भी बात करेंगे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्रियों की बैठक में शिंदे एनसीटीसी का संशोधित रूप पेश करने वाले हैं। आतंकवाद से खासतौर पर लड़ने वाली इस संस्था के ऑपरेशन करने के अधिकार पर राज्यों ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
शिंदे ने कहा कि इस यात्रा के दौरान हेडली और राणा पर अलग से बातचीत करने की कोई योजना नहीं है। शिंदे के मुताबिक विदेश मंत्रालय अपने चैनल से हेडली और राणा के प्रत्यर्पण संबंधी बातचीत कर रहा है।