सीमा पर भले ही नहीं, लेकिन भारत आईटी और बीपीओ उद्योग क्षेत्र में चीन
को पछाड़ रहा है। चीन के अलावा भारत फिलिपींस जैसे एशियाई प्रतिद्वंद्वियों
पर बढ़त बनाए हुए है।
रिसर्च फर्म कुशमैन एंड वेकफील्ड के एक ताजा सर्वेक्षण के मुताबिक आईटी व बीपीओ के क्षेत्र में दक्षिण व दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में भारत का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
सर्वेक्षण के मुताबिक भारत में आईटी व बीपीओ क्षेत्र से जुड़े लोगों का बेहतर अंग्रेजी ज्ञान, देश में बेहतर नेटवर्किंग इन्फ्रास्ट्रक्चर, कम लागत पर कामकाज और तेजी से उभरता घरेलू बाजार चीन, फिलीपींस, मलेशिया आदि पर भारत की बढ़त की वजह है।
इसके अलावा देश में सेवाओं, बिजली आपूर्ति, कारोबारी माहौल और आईटी-बीपीओ में सुधार को भी इसका श्रेय दिया गया है।
सर्वे के मुताबिक भारत में टियर-2 और टियर-3 श्रेणी के शहरों में आईटी कारोबार की संभावनाओं में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते घरेलू बाजार में भी मांग में तेजी आई है।
हालांकि आईटी के क्षेत्र में भारत के अग्रणी रहने के बावजूद वॉयस बेस्ड सेवाओं के मामले में फिलिपींस आगे है। इसके चलते कॉल सेंटर कारोबार में फिलिपींस भारत को कड़ी टक्कर दे रहा है।