यूपी सरकार ने प्रदेश के उपभोक्ताओं को रियायती दर पर छह से ज्यादा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं। विधानसभा में भाजपा के श्यामदेव राय चौधरी के एक सवाल के लिखित जवाब में खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने बताया कि वर्तमान वित्तीय स्थिति को देखते हुए इस समय राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को रियायती दर पर छह से ज्यादा गैस सिलेंडर दिया जाना संभव नहीं है।
वहीं, बसपा के डॉ. धर्मपाल सिंह के एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ताज ट्रिपेजियम क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है किंतु राष्ट्रीय ग्रिड की सुरक्षा एवं मांग के मुकाबले बिजली की उपलब्धता कम होने पर कटौती अपरिहार्य हो जाती है।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली सूकरखेत का पर्यटन की दृष्टि से विकास कराने केलिए चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना समिति द्वारा 20 लाख रुपये का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया है।
वहीं, भाजपा के राघव लखन पाल तथा कांग्रेस के मुकेश श्रीवास्तव के एक सवाल के लिखित जवाब में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन ने इससे इनकार किया कि प्रदेश में जननी व शिशु मृत्यु दर अन्य राज्यों के मुकाबले सर्वाधिक है।
उन्होंने बताया कि गत तीन वर्षों में शिशु मृत्यु दर में 10 प्रतिशत की कमी आई है। जबकि एक सवाल के जवाब में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन ने स्वीकार किया कि प्रदेश में एड्स रोगियों की संख्या बढ़ रही है।