हायर एजुकेशन में जाने और रिसर्च करने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर के कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के चार छात्रों ने सालाना एक करोड़ रुपए से ज्यादा का सैलरी पैकेज ठुकरा दिया है। सैलरी पैकेज सैमसंग कोरिया ने दिया था। दूसरी तरफ इंफोसिस में सेलेक्शन के बाद तीन छात्रों ने सालाना 21-21 लाख रुपए सैलरी पैकेज की जॉब छोड़ दी है। यह पहला मौका है, जब आईआईटियंस ने इतने बड़े सैलरी पैकेज की जॉब छोड़ी है।
आईआईटी कानपुर के कैंपस प्लेसमेंट के चौथे दिन यानी गुरुवार तक 550 छात्रों का कैंपस सेलेक्शन हो गया है। अमेरिका की साफ्टवेयर कंपनी ओरेकल ने आईआईटियंस को एक करोड़ रुपए से ज्यादा का सैलरी पैकेज दिया है। फ्लिपकार्ट ने 20 छात्रों को जॉब दी है। इन सभी को सालाना 91.50 लाख रुपए का वेतन पैकेज ऑफर किया है। एक्सल सर्विसेज ने 38 छात्रों को जॉब देकर उन्हें सालाना 55 लाख रुपए वेतन दिए हैं।
आईआईटी प्रशासन के मुताबिक कैंपस सेलेक्शन और सैलरी पैकेज में इस बार जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है। यह पहला मौका है, जब देश-विदेश की 250 कंपनियां कैंपस सेलेक्शन करने पहुंची हैं। 1 से 4 दिसंबर के बीच करीब 100 कंपनियों ने लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन (जीडी) और पर्सनल इंटरव्यू (पीआई) कराया और 550 से ज्यादा छात्रों का कैंपस सेलेक्शन कर लिया।
नहीं लुभा सका एक करोड़ सैलरी पैकेज
एक छात्रा और तीन छात्र ऐसे हैं, जिन्हें सैमसंग कोरिया ने सालाना एक करोड़ रुपए से ज्यादा का सैलरी पैकेज ऑफर किया था, लेकिन इन सभी ने जॉब करने से इनकार कर दिया। बीटेक करने वाले इन छात्रों ने कहा कि विदेशी विश्वविद्यालयों से पीएचडी करेंगे, फिर जॉब या रिसर्च करने की सोचेंगे। आईआईटी प्रशासन ने इन छात्रों का नाम सार्वजनिक किए जाने से इनकार किया है।
प्रशासन का दावा है कि नाम के खुलासे से छात्रों को दिक्कत हो सकती है। आईआईटी के सूत्रों ने बताया कि इंफोसिस ने आईआईटी के 8 छात्रों का कैंपस सेलेक्शन किया था। इन सभी को सालाना 21-21 लाख रुपए का वेतन पैकेज दिया था। सेलेक्शन के बाद तीन छात्रों ने जॉब करने से इनकार कर दिया है। ओरेकल, गूगल, टॉवर रिसर्च, माइक्रोसॉफ्ट, सैमसंग इंडिया, लिंकडिन, स्लमबर्जर, लॉयल्टी रिवार्ड्स और एक्सल सर्विसेज सहित तमाम नामी गिरामी कंपनियों ने भी आईआईटियंस को जॉब दी है।
क्या कहते हैं प्रोफेसर
"कुछ छात्र ऐसे होते हैं, जो वेतन पैकेज के पीछे नहीं भागते। वह रिसर्च और अच्छे काम का आनंद लेना चाहते हैं। जब काम का आनंद उठा लेते हैं, फिर जॉब करने की सोचते हैं। आईआईटियंस टैलेंटेड होते हैं। दुनिया के किसी भी देश में उन्हें मौके मिल सकते हैं। जिन छात्रों ने एक-एक करोड़ रुपए से ज्यादा का सैलरी पैकेज ठुकराया है, वह आत्मविश्वास से लबरेज हैं।"
-प्रो. मणींद्र अग्रवाल, डीन ऑफ फैकल्टी आईआईटी कानपुर
"आईआईटी का कैंपस प्लेसमेंट अच्छा जा रहा है। चार दिनों के प्लेसमेंट से 550 से ज्यादा स्टूडेंट्स को नौकरी मिल चुकी है। 90 लाख से एक करोड़ रुपए का सालाना सैलरी पैकेज देने वाली कंपनियों की भरमार है। सैमसंग कोरिया ने चार छात्रों को सेलेक्ट करके एक-एक करोड़ रुपए का वेतन पैकेज दिया था, लेकिन इन छात्रों ने हायर स्टडी में जाने की बात कहकर नौकरी करने से इनकार कर दिया है।"
-प्रो. दीपू फिलिप, प्लेसमेंट अधिकारी आईआईटी कानपुर