ट्रेनों में मुसाफिरों को परोसे जा रहे घटिया खाने से दागदार हो रही अपनी छवि को रेलवे ने साफ सुथरा करने का बीड़ा उठा लिया है। रेल मंत्रालय ने अपने चीफ कामर्शियल मैनेजरों को आदेश जारी कर ट्रेनों की पैंट्री कार में साफ सुथरा खाना तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं। यही नहीं घटिया खाना परोसने वालों को कम से कम एक लाख रुपये का जुर्माना ठोका जाएगा।
इतना ही नहीं गलती आगे दोहराए जाने पर ठेका भी हाथ से जाएगा। मंत्रालय ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि ठेकेदार खुद पैंट्री कार में खाने का निरीक्षण अपने आप करें।
मंत्रालय को ट्रेनों में घटिया खाना परोसे जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं। रेलवे ने इन शिकायतों को अपने दामन पर धब्बा माना है। यही कारण है कि मंत्रालय ने सभी चीफ कामर्शियल मैनेजरों को पैंट्री कार और ट्रेन में स्थित किचन के गहन निरीक्षण और परीक्षण करने को कहा है।