पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि वर्ष 2004 में प्रणब मुखर्जी की जगह मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाए जाने की घोषणा से न केवल कांग्रेसी बल्कि पार्टी के बाहर के लोग भी आश्चर्यचकित थे।
अब इनमें से कई का कहना है कि अगर ऐसा नहीं किया गया होता तो 2014 में लोकसभा चुनाव के परिणाम अलग होते। हालांकि, खुर्शीद ने अपनी किताब ‘द अदर साइड ऑफ माउंटेन’ में यह भी लिखा है कि मनमोहन सिंह को लेकर शुरुआती विमुखता के बाद 2009 में पार्टी की वापसी के बाद इस फैसले को सही माना गया।
मनमोहन सिंह के दूसरे कार्यकाल में विदेश मंत्री रहे खुर्शीद ने कहा है कि उन्हें मनमोहन सिंह का विश्वास प्राप्त था। विदेश मंत्री के रूप में उनको पूरी आजादी दी गई थी। पीएम पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों में विशेष रुचि रखते थे।