बसपा नेता और अरबपति कारोबारी दीपक भारद्वाज की हत्या मामले में पुलिस ने गोली मारने वाले बदमाशों की पहचान कर ली है। दिल्ली पुलिस ने दोनों शूटरों के नाम सुनील और पुरुषोत्तम बताए हैं। हालांकि दोनों बदमाश अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस ने बताया कि दीपक की हत्या में जो स्कोडा कार इस्तेमाल की गई थी उसे बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा हरियाणा के जींद से भी तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस भारद्वाज की पत्नी और बेटों से भी पूछताछ कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक परिवार में कुछ समस्या जरूर थी। भारद्वाज अपनी पत्नी और बेटों को कोई पैसा या संपत्ति देना नहीं चाहते थे।
भारद्वाज ने अपनी पत्नी और बेटों से उस स्कूल का स्वामित्व भी लौटाने को कहा था, जिसे वे लोग चला रहे थे। पुलिस भारद्वाज की महिला मित्र की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कार मालिक का भी पता चल गया है उसका नाम राकेश है। पुलिस से पूछताछ सुनील ने बताया कि उसने ये कार एक डीलर से आठ लाख रुपये में खरीदी थी।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने हत्या में इस्तेमाल स्कोडा कार की नंबर प्लेट नहीं बदली थी। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मिले स्कोडा के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस कार के मालिक राकेश तक पहुंच गई।
वहीं दिल्ली पुलिस टीम ने जींद में एक मकान पर छापा मारकर धर्मवीर को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही जींद में रह रहे हांसी निवासी अनिल और झज्जर निवासी वीरेंद्र को हिरासत में लिया है।