अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को ताकीद की है कि यदि वे अपने घरेलू हालात सुधारेंगे तो ही वह पाकिस्तान की यात्रा करेंगे। ओबामा ने नवाज से ये बातें पिछले सप्ताह फोन पर हुई बातचीत में कही।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह ओबामा ने जनवरी महीने में भारत आने के घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर में अमेरिका यात्रा के दौरान बराक ओबामा को गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता दिया था। अमेरिकी प्रशासन ने पिछले सप्ताह उस न्योते को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद ओबामा की भारत यात्रा की घोषणा की गई।
ओबामा ने उसी दिन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से फोन पर बात की थी और उन्हें अपनी भारत यात्रा की जानकारी दी।
ओबामा को पाक बुलाया था शरीफ ने
फोन पर हुई बातचीत में नवाज शरीफ ने ओबामा को अपने न्योते की याद दिलाई थी। उस समय ओबामा ने शर्त रखी थी कि पाकिस्तान में हालात सामान्य होंगे, तो वे वहां की यात्रा करेंगे।
शरीफ ने ओबामा से कहा था, पाकिस्तानी नागरिकों की इच्छा है कि वे बराक ओबामा का अपने मुल्क में स्वागत करें। ओबामा ने जवाब में कहा था कि पाकिस्तान में हालात सामान्य हो जाएं तो वे आने के लिए तैयार हैं।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने नवाज और ओबामा की बातचीत की जानकारी मीडिया को दी थी। ओबामा के बयान पर वहां की सरकार ने आपत्ति नहीं जताई, लेकिन मीडिया ने सरकार के रवैये और अमेरिकी सरकार को आड़े हाथों लिया।
पाकिस्तान की मीडिया में नाराजगी
पाकिस्तानी अखबार डॉन ने लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान के राजनीतिक हालात को सुरक्षा से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मानो नवाज से ये कहा गया हो कि पहले अपने देश के राजनीतिक हालात सामान्य करें।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने बातचीत में कश्मीर का एक मुद्दा भी उठाया था।
उन्होंने ओबामा से अपील की थी वे अपनी भारत यात्रा में कश्मीर की मुद्दा जरूर उठाएं। हालांकि व्हाइट हाऊस ने दोनों नेताओं की बातचीत पर जारी बयाना में कश्मीर के मुद्दे का जिक्र तक नहीं किया।