अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने इस बार राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को घर में घुसकर मारने की धमकी दी है। अहमदनगर में गाड़ी पर हुए पथराव के बाद राज ने जालना के एक रैली में अजीत पवार को सीधी धमकी दे दी।
राज ठाकरे ने कहा कि अगर अजित पवार में हिम्मत है तो सरकारी रुतबे के बिना उनकी पार्टी को धमकी दे कर देखें, वे अपने दोनों पैरों पर चल नहीं पाएंगे।
मनसे के काफिले पर पत्थर बाजी की घटना के लिए राज ने राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) को जिम्मेदार ठहराया। अजीत पवार के आदेश पर ही एनसीपी के कार्यकर्ताओं ने मनसे पर पत्थर फेंकने की हरकत की। उन्होंने कहा कि पत्थर हमारी तरफ से भी फेंके जा सकते हैं।
'खुद पागल है पवार'
मनसे अध्यक्ष ने कहा कि अजीत पवार ने उनके आज की रैली के कारण अनेक जगहों पर केबल टीवी का प्रसारण रोक दिया गया है। राज को पागल बताने संबंधी अजित पवार के बयान पर राज ने कहा कि यह दर्शाता है कि कौन पागल हो रहा है? मैं या वे? उन्होंने अजित पवार पर मराठवाड़ा की उपेक्षा करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने अजित पवार से सवाल किया, बताएं कि पिछले कुछ सालों तक सिंचाई मंत्री कौन था। विभिन्न सिंचाई योजनाओं में खर्च किए गए 70 हजार करोड़ रुपए कहां गए। राज्य में सूखे के बदतर हालात के लिए उन्होंने राज्य सरकार खासतौर पर अजित पवार की पार्टी एनसीपी को दोषी ठहराया।
पिछले हफ्ते भिड़े थे मनसे, एनसीपी कार्यकर्ता
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में एनसीपी नेता अजित पवार और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के बीच तीखी बयानबाजी हो रही है। पिछले सप्ताह दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए थे। इसके बाद अहमदनगर में दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें आई थीं।
इसके बाद राज ठाकरे ने एनसीपी के गढ़ जालना में शनिवार को रैली कर अजित पवार को सीधे शब्दों में धमकी दे डाली।