कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के दावे का खंडन करते हुए कहा कि वह कभी भी सीएम पद के दावेदार नहीं थे। वह इस पद के न दावेदार हैं और न ही भविष्य में कभी ऐसा होगा।
मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि कांग्रेस के पास पटेल के अलावा कोई और नेता नहीं है। साथ ही उन्होंने पटेल को मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश किए जाने की कांग्रेस को चुनौती भी दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार पटेल ने मोदी की टिप्पणी को संकीर्ण मानसिकता करार दिया।
उन्होंने कहा कि वह सत्ता की राजनीति से हमेशा दूर रहे हैं। पिछले चुनाव में जिन्होंने जनता को धोखा दिया, अब वे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य की जनता ऐसे लोगों के मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि गुजरात का समेकित विकास ही उनके जीवन का लक्ष्य है। मोदी को अपने काम से मतलब रखने की सलाह देते हुए पटेल ने कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है और बेहतर यह रहेगा कि वह अपनी पार्टी पर ध्यान दें।