महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा से 25 साल की दोस्ती टूटने और उसके बाद फिर जुड़ने के बावजूद शिवसेना की तल्खी कम नहीं हुई है। भाजपा सरकार में शामिल होने के बाद शिवसेना ने पहली बार भाजपा पर बड़ा हमला बोला है।
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा है कि सरकार में शामिल हूं लेकिन घुटने नहीं टेकूंगा। इस पर भाजपा की ओर से भी पलटवार किया गया है।
मुंबई के षड्मुखानंद हाल में शुक्रवार को आयोजित बाल ठाकरे जयंती समारोह में उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर हमले के साथ ही अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शिवसेना किसी लहर के सहारे नहीं बल्कि अपने बल पर खड़ी हुई है। उद्धव ने भाजपा को यह भी चेतावनी दे दी कि यदि शिवसेना अलग हुई तो सरकार अस्थिर हो जाएगी।