मथुरा सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने एक बयान जारी कर कहा है कि दौसा के निकट जयपुर-आगरा हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना से उन्हें गहरा दुख है। दुर्घटना में मासूम बच्ची की मौत से वह बेहद व्यथित और दुखी हैं।
उन्होंने कहा, ‘मुझे अहसास है कि जिस परिवार ने हादसे में अपनी बेटी खोई है, उस पर क्या बीत रही होगी। दुख की इस घड़ी में मैं दिवंगत की आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए भगवान से प्रार्थना करती हूं।’ हेमा ने कहा है कि लोगों की दुआओं से उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है और वह शीघ्र ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगी।
पिता का आरोप , सांसद को अस्पताल ले गए, घायल बच्ची सड़क पर पड़ी रही
अभिनेत्री-सांसद हेमा मालिनी की मर्सडीज कार के साथ हुए हादसे में जान गंवाने वाली दो साल की बच्ची सोनम के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अगर हादसे के बाद उनकी बच्ची को भी अभिनेत्री के साथ अस्पताल ले जाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। हादसे के बाद मासूम सोनम करीब 20 मिनट तक घटना स्थल पर ही पड़ी रही।
सोनम के चाचा सिरीश गुप्ता ने कहा, ‘हादसे के तुरंत बाद हेमा को दौसा के एक अस्पताल ले जाया गया और उसके बाद उन्हें जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं हमारी बच्ची करीब 20 तक घटना स्थल पर ही पड़ी रही और उसके बारे में किसी ने कुछ नहीं कहा।’
मालूम हो कि आगरा जयपुर हाइवे पर दौसा में हुए हादसे में बुरी तरह घायल होने के बाद बृहस्पतिवार को अस्पताल ले जाते वक्त सोनम ने दम तोड़ दिया था।
गुप्ता ने कहा, ‘क्या उसे (सोनम को) हेमा मालिनी के साथ अस्पताल नहीं ले जाया जा सकता था। वह बच सकती थी।’ सोनम के पिता हनुमान महाजन, मां शिखा और बहनों भाईयों सोमिल व सीमा को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।महाजन ने हेमा के ड्राइवर रमेश चंद ठाकुर के खिलाफ कोतवाली दौसा में शिकायत भी दर्ज कराई है।
हादसे से दुखी है ड्राइवर महेश का परिवार
सांसद हेमा मालिनी राजस्थान के दौसा में सड़क दुर्घटना में घायल हुईं तो शुभचिंतक उनकी कुशलता की कामना ठाकुर बांकेबिहारी से करते देखे गए। वहीं हेमा जिस मर्सडीज से जयपुर जा रहीं थीं, उसके चालक के परिवार की ओर देखने वाला कोई नहीं है।
चालक महेशचंद्र ठाकुर के परिवार को शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी हुई। वे वृंदावन के समीपवर्ती गांव कीकी का नगला में रहते हैं।
जानकारी होते ही महेश के छोटे भाई दिनेश और नरेश जयपुर रवाना हो गए। महेश की पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राम सिंह और मां गंगा देवी का कहना है कि महेश के चार छोटे छोटे बच्चे हैं। हम बहुत गरीब हैं। पूरे परिवार का पालन पोषण करने वाला महेश ही है।
तीन साल से वह कन्हाई परिवार की गाड़ी चलाकर अपने परिवार को पाल रहा है। महेश की पत्नी रेखा ने बताया कि गुरुवार की दोपहर अचानक तीन बजे महेश आए और कहा कि दो तीन दिन के लिए गाड़ी लेकर बाहर जा रहे हैं। मां-पिताजी और बच्चों का ध्यान रखना।
रेखा ने बताया कि उनका आठ माह का बेटा कुलदीप बीते कई दिन से बीमार है। बता दें कि गुरुवार शाम को दौसा में हुए हादसे में पुलिस ने मर्सडीज चला रहे महेश को लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।