छजलैट के गांव रवाना में पांच दिन पहले सर्राफ अंकित वर्मा की हत्या उसकी प्रेमिका के पति सुमित वर्मा ने की थी। हत्यारोपी चांदपुर का रहने वाला है और वहीं फीना में सर्राफा की दुकान करता है। कत्ल की गुत्थी सुलझा चुकी पुलिस के हाथ कातिल के गिरेबां तक पहुंच चुके हैं।
पुलिस जल्द उसे गिरफ्तार कर हत्याकांड का औपचारिक खुलासा कर देगी। पुलिस ने पूछताछ के बाद अंकित वर्मा की प्रेमिका और उसके भाई को छोड़ दिया है। पुलिस को कत्ल में मददगार बने चांदपुर के सर्राफ के दोस्तों की भी तलाश है।
छजलैट के गांव रवाना निवासी सर्राफ अंकित वर्मा के कत्ल की स्क्रिप्ट दस माह पूर्व ही लिखी जा चुकी थी। दरअसल अंकित का कालेज के दिनों में धामपुर की एक युवती से अफेयर था। दोनों की शादी की बात भी चली थी लेकिन बाद में रिश्ता अटक गया।
इस बीच युवती की शादी चांदपुर में सरगम टाकीज के पास रहने वाले सुमित वर्मा पुत्र पवन वर्मा के साथ हो गई। सुमित चांदपुर के पास ही फीना में सर्राफा की दुकान करता है। करीब दस माह पहले दोनों की शादी हो गई।