फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तट से टकराया तूफान हुदहुद, छह लोगों की मौत

Mon, 13 Oct 2014 07:48 AM IST
संदीप साहू/बीबीसी हिंदी डॉटकॉम, भुवनेश्वर
विज्ञापन
विज्ञापन
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान हुदहुद के विशाखापत्तनम के तट से टकराने के बाद हुई भारी बारिश में छह लोगों की मौत हो गई है।
विज्ञापन


राष्ट्रीय आपदा राहत बल (एनडीआरएफ) के प्रवक्ता अनिल शेखावत के अनुसार आंध्र प्रदेश में तूफान से तीन लोगों की मौत हुई। वहीं केंद्रीय कैबिनेट सचिव अजीत सेठ के अनुसार ओडिशा में तूफ़ान से जुड़ी घटनाओं में भी तीन लोगों की मौत हुई है।

तूफान से विशाखापत्तनम समेत आंध्र प्रदेश के दो अन्य तटवर्ती जिलों श्रीकाकुलम और विजयनगरम में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। एनडीआरएफ के मुताबिक विशाखापत्तनम में तूफान में फंसे छह लोगों को बचाया गया है।
विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक़ अगले छह घंटे में तूफान की तीव्रता में 50 प्रतिशत की कमी देखने को मिल सकती है। हुदहुद तूफान का दायरा करीब 30 किलोमीटर बताया जा रहा है।

हुदहुद का असर

विशाखापत्तनम में 170-195 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल रही हैं और तेज बारिश हो रही है।

बीते साल आज के ही दिन पायलिन तूफ़ान ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। हालांकि हुदहुद की तीव्रता पायलिन जितनी नहीं है।

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाक़ों में भी हुदहुद की वजह से अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश हो सकती है।

एनडीआरएफ के प्रवक्ता अनिल शेखावत के अनुसार आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई। श्रीकाकुलम में पेड़ से दबने से एक व्यक्ति की मौत हुई, वहीं विशाखापत्तनम में तेज हवाओं की चपेट में आने से एक की मौत हुई है।

राहत की तैयारी

हवाई यातायात और रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। हैदराबाद से स्थानीय पत्रकार धनंजय ने बताया कि हुदहुद के कारण लगभग 60 ट्रेनें रद्द की गई हैं।

एनडीआरएफ ने ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हुदहुद से निपटने के लिए 42 टीमों के 1800 अधिकारी और जवान तैनात किए हैं।

सभी टीमें जरूरी राहत सामग्री के अलावा सैटेलाइट फोन्स से लैस हैं। ओडिशा, आंध्र प्रदेश और एनडीआरएफ ने करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित इलाकों में पहुंचाया है।

भारतीय नौसेना भी तूफान पर नज़र बनाए हुए हैं और उनकी राहत टीमें अलर्ट पर हैं। तूफ़ान के बाद राहत कार्यों के लिए नौसेना के पांच हेलीकॉप्टर भी तैयार हैं।
विज्ञापन

बाढ़ की आशंका

ओडिशा में मौजूद स्थानीय पत्रकार संदीप साहू के अनुसार राज्य के दक्षिणी तट में गंजाम ज़िले के गोपालपुर और बेरहामपुर में भी तूफान का असर देखने को मिला।

यहां हवा की गति क़रीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा है और अगले कुछ घंटों में इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है। पूर्वी तटवर्ती राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं।

आंध्र प्रदेश के पांच जिलों- पूर्व और पश्चिम गोदावरी, श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम और ओडिशा में गंजाम, गजपति, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों में भारी बारिश होने और तेज हवा चलने के आसार हैं।

जमीन पर टकराने के बाद तूफ़ान उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा जिससे अगले 48 घंटों में दक्षिणी ओडिशा के आठ जिलों, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। इससे ओडिशा की कई नदियों में बाढ़ की आशंका है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें